रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन विकास खंड के ग्राम नैनपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। बच्चों की इस उपलब्धि पर शिक्षा विभाग ने भी उन्हें प्रोत्साहित किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों की सफलता के पीछे शिक्षिका रीनू पाल का विशेष योगदान रहा, जिन्हें उनके मार्गदर्शन और मेहनत के लिए बीईओ ने उन्हें सम्मानित किया गया।
प्राथमिक विद्यालय नैनपुरा के छात्र-छात्राओं ने चार अलग-अलग प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए शानदार सफलता हासिल की। सबसे पहले ब्लॉक संसाधन केंद्र भिटारा में आयोजित ब्लॉक स्तरीय बेस्ट प्रैक्टिसेज एंड नॉलेज शेयरिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद जनपद स्तर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान पिंडारी में आयोजित प्रतियोगिता में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने पहला स्थान प्राप्त कर अपनी क्षमता का लोहा मनवाया। विद्यालय के बच्चों की इस उपलब्धि के लिए शिक्षिका रीनू पाल की सराहना की जा रही है, जिन्होंने बच्चों को निरंतर प्रेरित करते हुए उन्हें प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया। बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और जनपद स्तर पर ब्लॉक का नाम रोशन करने पर बीईओ ज्ञान प्रकाश अवस्थी ने शिक्षिका रीनू पाल को ब्लॉक संसाधन केंद्र में प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस दौरान बीईओ ने कहा कि प्राथमिक स्तर पर ही बच्चों में प्रतिभा को पहचानना और उसे निखारना अत्यंत आवश्यक है। नैनपुरा विद्यालय के बच्चों ने यह साबित किया है कि यदि सही दिशा और मार्गदर्शन मिले तो ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी किसी से पीछे नहीं हैं। उन्होंने शिक्षिका रीनू पाल की सराहना करते हुए कहा कि उनकी लगन और समर्पण अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा है।






