पीएम नरेंद्र मोदी के ‘काले जादू’ वाले कटाक्ष पर भड़के राहुल गांधी, कहा- उन्हें महंगाई और बेरोजगारी नहीं दिखती?

(Bne)

नई दिल्ली- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महंगाई के विरोध में पांच अगस्त को काले कपड़े पहनकर प्रदर्शन करने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने बुधवार को कटाक्ष करते हुए कहा कि काले जादू में भरोसा करने वाले, कभी फिर से जनता का भरोसा नहीं जीत पाएंगे. प्रधानमंत्री ने यहां 900 करोड़ रुपये की लागत से बना दूसरी पीढ़ी का इथेनॉल संयंत्र राष्ट्र को समर्पित करते हुए यह बात कही.

कटाक्ष का राहुल गांधी ने दिया जवाब

पीएम मोदी के इस कटाक्ष पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने जवाब दिया है. उन्होंने आज गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि प्रधानमंत्री को महंगाई नहीं दिखती? बेरोजगारी नहीं दिखाती? केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने आगे कहा, ‘अपने काले कारनामों को छिपाने के लिए, ‘काला जादू’ जैसी अंधविश्वासी बातें करके पीएम पद की गरिमा को गिराना और देश को भटकाना बंद कीजिए, प्रधानमंत्री जी. जनता के मुद्दों पर जवाब तो देना ही पड़ेगा.’

contact for advertisement : 9415795867

फ्री की ‘राजनीति’ पर भी साधा निशाना

मालूम हो कि पीएम मोदी ने अपने संबोधन में किसी पार्टी का नाम लिए बिना यह भी कहा था कि आत्मनिर्भर बनने के भारत के प्रयास में मुफ्त उपहार एक बाधा है और यह करदाताओं पर बोझ भी है. उन्होंने कांग्रेस का नाम लिए बिना कहा कि कुछ लोगों ने हताशा में पांच अगस्त को ‘काला जादू’ किया. मोदी ने कहा, ‘पांच अगस्त को हमने देखा कि कैसे कुछ लोगों ने ‘काला जादू’ फैलाने की कोशिश की. ये लोग सोचते हैं कि काले कपड़े पहनने से उनकी निराशा खत्म हो जाएगी. लेकिन वे नहीं जानते कि जादू टोना, काला जादू और अंधविश्वास में लिप्त होकर वे फिर से लोगों का विश्वास अर्जित नहीं कर सकते.’ मालूम हो कि कांग्रेस ने पांच अगस्त को महंगाई के मुद्दे पर देशभर में प्रदर्शन किया था. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित पार्टी नेताओं ने काले कपड़े पहनकर संसद परिसर के भीतर और बाहर विरोध प्रदर्शन किया था.

Leave a Comment