
Lucknow news today । यूपी की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को रेलवे में तैनात सेक्शन इंजीनियर ने ट्रेन के आगे लेट कर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक पिछले काफी समय से बीमारी से लड़ रहे थे और इसी से परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू से छानबीन करने में जुटी है।
यह है मामला
मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ के मानक नगर थाना क्षेत्र में स्थित डीएसओ कॉलोनी में रहने वाले मनीष कुमार सिंह रेलवे में सेक्शन इंजीनियर के पद पर तैनात थे। वह यहां पर पत्नी निधि और बेटे के साथ सरकारी आवास में रहते थे। बताया जा रहा है कि आज सुबह मनीष काम का बहाना बनाकर घर से निकले थे और डीएसओ पुल के नीचे रेलवे ट्रैक पर उस समय लेट गए जब वहां से ट्रेन गुजर रही थी इससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस ने कही यह बात
इस संबंध में मानक नगर इंस्पेक्टर ने बताया कि मनीष काम का बहाना बनाकर घर से निकले थे और यहां पर आकर उन्होंने आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार शव के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर उनकी शिनाख्त हुई और छानबीन में यह सामने आया है कि वह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे और इसी से परेशान होकर उन्होंने आत्महत्या की है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।







