Goa News Today । देश के गोआ राज्य से एक बहुत ही दुःखद खबर मीडिया के प्रकाश में आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गोआ के अर्पोरा में स्थित नाईट क्लब में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब अचानक क्लब में सिलेंडर फटने से आग लग गई और इस घटना में 4 पर्यटकों समेत 25 लोगों की मौत हो गयीजबकि आधा दर्जन लोग झुलस गए हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। गोआ में हुई इस घटना पर पीएम मोदी ने मृतकों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस घटना में जो लोग काल के गाल में समाए हैं उनके परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये प्रधानमंत्री राहत कोष से दिए जाएंगे।
गोआ पुलिस ने दी ये जानकारी
नाईट क्लब में लगी आग से हुई इस दुःखद घटना के सम्बंध में गोवा पुलिस का कहना है, “नॉर्थ गोवा के अरपोरा में रोमियो लेन के पास बिर्च में भीषण आग लग गई, जिससे 25 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से 4 टूरिस्ट थे, 14 स्टाफ मेंबर थे और 7 की पहचान अभी नहीं हो पाई है। 6 लोग घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है। पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की जांच जारी है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”
सीएम ने कही यह बात

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अरपोरा में आग लगने की घटना में 25 लोगों की मौत पर कहा, “आज का दिन बहुत दुखद है। गोवा की पर्यटन इतिहास में पहली बार इस तरह की घटना हुई है। यह बहुत बड़ी दुर्घटना है। इसमें 25 लोगों की मृत्यु हो गई है…मैं खुद रात को घटनास्थल पर गया था…4 लोग पर्यटक थे और बाकी लोग क्लब के कर्मचारी थे…मैं मृतकों के प्रति दुख व्यक्त करता हूं…सरकार की तरफ से मृतकों के परिवार को आर्थिक मदद दी जाएगी। 6 घायलों का इलाज चल रहा है…इस पूरी घटना की मैजिस्ट्रियल जांच की जाएगी…इसमें जिसकी भी गलती पाई जाएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी…प्रधानमंत्री मोदी ने भी मेरे साथ फोन पर बात की है और घटना की जानकारी ली है…”





