जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस में 116 फरियादियो के आए प्रार्थना पत्र, 11 प्रार्थना पत्रों का डीएम,एसपी ने किया मौके पर निस्तारण
सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले शिकायती प्रार्थना पत्रों का संबंधित अधिकारी समयबद्धता के साथ स्थलीय निरीक्षण कर समस्या का निराकरण सुनिश्चित करें _ जिलाधिकारी
(ब्यूरो न्यूज़ )

Auraiya news today । सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त होने वाले आमजन के शिकायती प्रार्थना पत्रों का संबंधित अधिकारी समयबद्धता के साथ स्थलीय निरीक्षण करते हुए संबंधित समस्या का निराकरण विभागीय अधिकारी/ अधिकारी आपसी टीम बनाकर नियमानुसार करना सुनिश्चित करें जिससे शिकायतकर्ता को पुनः उसी शिकायत के लिए परेशान न होना पड़े। निस्तारण की कार्यवाही से संबंधित शिकायतकर्ता को मोबाइल से अवगत भी कराये। जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने उपरोक्त निर्देश सदर तहसील औरैया के सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में समस्या संबंधी आवेदन पत्र लेकर आए फरियादियों की समस्याओं को सुनने के उपरांत संबंधित अधिकारियों को दिये।

तहसील औरैया के सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 116 फरियादियों ने अपने प्रार्थना पत्र दिए जिसमें से 11 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया गया। योगेंद्र सिंह पुत्र शिव सिंह ने अवगत कराया कि वह अपनी भूमि में मकान बनाना चाहता है जिस पर न्यायालय सिविलजज जूनियर डिवीजन द्वारा बनाए जाने हेतु आदेश पारित कर दिया गया है परंतु वीरेंद्र पाल आदि निर्माण कार्य में बाधा डालते हैं जिसे रोका जाये। जिसपर जिलाधिकारी ने तहसीलदार को निर्देश दिए कि मामले की जांच कर टीम बनाते हुए नियमानुसार कार्यवाही काराये। राधेश्याम पुत्र श्री कृष्ण तथा प्रीतू पुत्र महेंद्र कुमार ने आवेदन दिया कि उनकी भूमि गाटा संख्या- 415, 466 में जाने के लिए पूर्व में डाले गए चकरोड को रामगोविंद शुक्ला ने जोत कर कब्जा कर लिया जिससे आने जाने के लिए रास्ता नहीं है कृपया चकरोड से कब्जा हटवाया जाये।

जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी औरैया को निर्देश दिए कि स्थलीय जांच कर नियमानुसार कार्यवाही करें। प्रार्थीगण ग्राम अस्ता नौरी राजपुर मई ने शिकायती पत्र देकर अवगत कराया की कोटा डीलर द्वारा राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत किए जाने पर चार माह पूर्व कोटा निरस्त कर दिया गया था जिससे राशन प्राप्त करने में परेशानी हो रही है राशन कोटा का चुनाव करा कर कोटा दिया जाए जिससे राशन समय से मिल सके। जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि नियमानुसार प्रक्रिया आदि करते हुए कोटा संचालन पुनः किया जाये। विनोद कुमार, महेश प्रसाद पुत्र श्री रामहेत निवासी ग्राम काजीपुर ने आवेदन देते हुए अनुरोध किया है कि चकमार्ग को पड़ोसी कास्तकार द्वारा जोत लिया गया है कृपया चकमार्ग की पैमाइश करायी जाये। जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार को निर्देश दिए कि स्वयं स्थल पर पहुंचकर समस्या का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। प्रार्थीगण ग्राम नौरी राजपुर रामकेश, संतराम, हीरालाल, शिववीर, मिश्रीलाल आदि ने अवगत कराया है कि हम सभी बाढ़ पीड़ित पिछले एक वर्ष से बुंदेलखंड एक्सप्रेस के पास झोपड़ी डालकर निवास कर रहे हैं परंतु आने जाने के लिए सर्विस रोड के अलावा कोई रास्ता नहीं है परंतु सर्विस रोड तक आने के लिए रास्ता पैदल चलने लायक भी नहीं है कृपया पक्का रास्ता बनवाए जाने की कृपा करें। जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि स्थलीय जांच कर नियमानुसार कार्यवाही कराना सुनिश्चित करें।

पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने पुलिस संबंधी प्रार्थना पत्रों को लेते हुए समस्याएं सुनी और कहा कि निस्तारण नियमानुसार कराये। उक्त अवसर पर पूजा देवी पत्नी विमलनाथ निवासी लालपुर नौरी ने अवगत कराया कि रहीस नाथ पुत्र राजाराम ने मेरे साथ छेड़खानी की और जेवरात छीन लिए पति के विरोध करने पर मारा-पीटा जिसकी रिपोर्ट चौकी फफूंद में करने गई तो वहां से भगा दिया गया, रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्यवाही की जाये। जिस पर पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने थाना अध्यक्ष फफूंद को निर्देश दिए कि प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही की जाये। उक्त अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर अखिलेश कुमार, तहसीलदार रणवीर सिंह, जिला विकास अधिकारी करुणापति मिश्र, जिला पूर्ति अधिकारी देवमणि मिश्रा, अधिशासी अभियंता विद्युत लेखराज, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका राम आसरे कमल सहित जनपद स्तरीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।







