(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)
Jalaun news today । दीपावली के पर्व को देखते हुए एसडीएम सुरेश कुमार व सीओ रविंद्र गौतम ने नगर में स्थित आतिशबाजी की दुकानों और शराब व दुकानों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
एसडीएम सुरेश कुंमार, सीओ रविंद्र गौतम के साथ आबकारी इंस्पेक्टर एमपी सिंह ने नगर में देवनगर चौराहे के पास स्थित देशी शराब की दुकान, अंग्रेजी शराब की दुकान और बीयर की दुकान का निरीक्षण किया। निरीक्षण में सफाई व्यवस्था दुरूस्त न मिलने पर फटकार लगाई और सफाई व्यवस्था दुरूस्त करने के निर्देश दिए। स्टॉक के मिलान में स्टॉक रजिस्टर के अनुसार माल का मिलान ठीक मिला। इसके बाद उन्होंने कोंच चौराहे के पास स्थित मॉडल शॉप का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश देकर कहा कि नाबालिगों को कतई शराब न बेची जाए। यदि ऐसी शिकायत मिलती है तो कार्रवाई होगी। शराब ओवर रेट पर न बेची जाए। शराब की दुकानों के निरीक्षण के अलावा उन्होंने छत्रसाल मैदान के पास स्थित आतिशबाजी की दुकानों का भी निरीक्षण किया। जिसमें उन्होंने दुकानदारों के लाइसेंस चेक किए। इसके अलावा फायर सिलिंडर, पानी और बालू की व्यवस्थाओं को भी देखा। जहां उन्हें व्यवस्थाएं चाक चौबंद मिलीं। वहीं ग्राउंड में वाहनों के प्रवेश के लिए उन्होंने कहा कि जहां दुकान लगी हैं वहां तक वाहनों को नहीं लाया जाए। इसके लिए प्रवेश द्वार पर बैरिकेटिंग करें जिससे वाहनों को बाहर ही रोक दिया जाए। दुकानों पर बल्ब की जगह एलईडी बल्ब लगाएं। तारों को चेक कर लें यदि कहीं कोई कट आदि हो तो वहां पर टेपिंग कर दें ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।





