
Jalaun news today । बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ की आशंका को लेकर एवं बाढ़ के दौरान क्या उपाय करें बाढ़ से किस प्रकार से कम से कम जनहानि और धनहानि हो इसके लिए नगर के एनएसटी स्कूल में वर्कशॉप का आयोजन किया गया। जिनमे बच्चों ने बाढ़ सुरक्षा पर आधारित प्रोजेक्ट, पोस्टर, पंपलेट और लेखन के माध्यम से उपयोगी जानकारी दी।
बाढ़ से जागरूक करने संबंधी कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम अतुल कुमार ने किया। उन्होंने बच्चों के द्वारा बनाए हुए प्रोजेक्ट को देखकर जानकारी ली। बच्चों से कहा कि जानकारी ही बाढ़ से बचाव है। बाढ़ आपदा पूर्व की गई तैयारी एवं आपदा से बचाव की जानकारी से हम आपदा के प्रभाव को कम कर सकते हैं। बाढ़ कभी भी पूर्व से सचेत नहीं करती। ऐसे में बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के लोगों को अपना घर हमेशा ऊंचे स्थान पर बनाना चाहिए। क्षेत्र में अचानक बाढ़ आने की आशंका हो तो समय से पहले ही बिजली का मुख्य स्विच बंद कर देना चाहिए। पानी और गैस की लाइनें भी बंद कर घर के कीमती सामानों सहित जरूरी कागज़ात अपने पास रखें या ऊपरी मंज़िल हो तो वहां ले जाकर रखें। समय से पहले ही माल मवेशी सहित अन्य सामानों को ऊंची एवं सुरक्षित जगह पर जाकर शरण ले लेना चाहिए। इसके अलावा खाने-पीने व अन्य जरूरी सामान को इकट्ठा कर लेना चाहिए। मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य भूपेंद्र सिंह, निदेशक जसवंत सिंह, अवधेश कुमार उपाध्याय, जगत भूषण सिंह, दीपक परिहार, मानवेंद्र सिंह तोमर, नितेश सक्सेना, अक्षय, रविंद्र आदि मौजूद रहे।












