(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं स्वरोजगार अपना सकती हैं। इससे वह आत्म निर्भर होंगी। यह बात एसडीएम ने मिशन रोजगार के अंतर्गत फैशन डिजायनिंग का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं को प्रमाणपत्र वितरण के दौरान कही। इस दौरान प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 70 महिलाओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
एक्शन प्वाइंट समिति लखनऊ द्वारा कौशल प्रशिक्षण व सेवायोजन के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार कार्यक्रम के तहत महिलाओं को फैशन डिजाइनिंग का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। जालौन में पूर्णा देवी इंटर कॉलेज में लगाए गए प्रशिक्षण शिविर में 70 महिलाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद तहसील सभागार में प्रमाणपत्र वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर एसडीएम सुरेश कुमार ने कहा कि कोई भी प्रशिक्षण बेकार नहीं जाता है। जिन महिलाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है। वह इससे अपना रोजगार खोल सकती हैं। यदि लागत न हो तो प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाएं बैंक से आसानी से लोन ले सकती हैं। इससे महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी और उन्हें अपनी आवश्यकताओं के लिए किसी दूसरे पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। समिति संचालक शीतल वर्मा ने कहा कि समिति के माध्यम से विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। जिनमें अपनी रूचि के अनुसार भाग लेकर प्रशिक्षणार्थी स्वरोजगार अपना सकते हैं। इस मौके पर नायब तहसीलदार गौरव कुमार, समीर राय, डूडा के समुदाय आयोजक योगेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार, प्रशिक्षण प्रबंधक सुनीता अग्रवाल, महादेवी कुशवाहा आदि मौजूद रहे।






