लखनऊ। भाई बहिन के प्रेम का पावन पर्व भैया दूज का त्यौहार आज बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया गया। बहिनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लम्बी उम्र की कामना की। तो वहीं बहिनों ने अपने उन भाइयों के माथे पर टीका लगाकर उनकी लम्बी उमर की दुआ की जो किसी जुर्म की बजह से जेल में बंद हैं। जेल में निरुद्ध बंदियों को उनकी बहिनों ने कारागारों में जाकर तिलक लगाया। भाई दोज के अवसर पर अपने भाइयों को तिलक लगाने आने वाली बहिनों को कोई परेशानी न हो इसको लेकर कारागार प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए ताकि किसी को कोई परेशानी न हो।

भैया दूज के अवसर पर जेलों में निरुद्ध बंदी भाइयों को इस दिन का विशेष रूप से इंतजार रहता है अतः आज सुबह से ही भारी संख्या में माताएं बहने जेलों में निरुद्ध अपने भाइयों के लिए अक्षत, टीका, फल ,मिष्ठान आदि लेकर पहुँची और भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लम्बी उम्र की कामना की ।
जेल प्रशासन ने किए ये इंतजाम
भैया दूज के अवसर पर जेलों में मिलने आने वाली माताओं बहनों को कोई असुविधा ना हो इसको दृष्टिगत रखते हुए प्रदेश की सभी जेलों में जेल प्रशासन ने साफ सफाई, आकस्मिक स्वास्थ्य सुविधाओं, पेयजल, धूप से बचाव
आदि के व्यापक प्रबंध किए हैं.
डीजी कारागार ने जारी किए ये निर्देश

भैया दूज के अवसर पर जेलों में निरुद्ध बंदियों को टीका लगाने आने वाली महिलाओं को कोई परेशानी न हो इसको लेकर यूपी के डीजी जेल आनंद कुमार ने प्रदेश के सभी जेल अधिकारियों को यह निर्देशित किया है जेल पर बंदियों से मिलने पहुंचने वाली माताओं बहनों को मिलने और त्योहार मनाने की सुविधा प्रत्येक दशा में प्रदान की जाए कोई भी निराश ना लौटे।
इतनी महिलाओं ने की आज मुलाकात

भैया दूज के अवसर पर जेलों में निरुद्ध बंदियों से उनकी बहनों की मुलाक़ात की व्यापक व्यवस्था की गई थी . शाम तक प्राप्त सूचना के अनुसार प्रदेश की विभिन्न जेलों में लगभग 56,203 महिलाओं तथा 19,452 बच्चों ने जेलों में निरुद्ध बंदियों से मुलाक़ात की .




