(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । छोटे किसानों को इस सरकार में परेशान होना पड़ रहा है। किसान सम्मान निधि के नाम पर किसानों को दो हजार रुपये दिए जाते हैं, जो बढ़ती मंहगाई में पर्याप्त नहीं हैं। किसानों की सम्मान निधि को बढ़ाकर कम से कम पांच हजार रुपये प्रतिमाह किया जाना चाहिए। यह बात समाजिक न्याय एवं किसान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश निरंजन भैयाजी ने संगठन के कार्यकर्ताओं और किसानों को संबोधित करते हुए कही।

समाजिक न्याय एवं किसान मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश निरंजन भैयाजी के मुख्य आतिथ्य में एक बैठक का आयोजन स्थानीय गेस्ट हाउस में आयोजित किया गया। जिसमें उपस्थित कार्यकर्ताओं और किसानों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि किसानों और गरीबों की समस्याओं की ओर किसी का ध्यान नहीं जा रहा है। तमाम राजनीतिक दल अपने उद्देश्य से भटक गए हैं। वर्तमान सरकार भी किसानों की आय को दोगुना करने का वादा कर सत्ता में आई थी। लेकिन किसानों की आय तो दोगुनी नहीं बल्कि बढ़ती मंहगाई से किसान कराह उठा है। छोटे किसानों पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। सम्मान निधि के नाम पर किसानों को दो हजार रुपये पकड़ा दिए जाते हैं। लेकिन आज की बढ़ती मंहगाई में इन दो हजार रुपयों से क्या होगा। सम्मान निधि को बढाकर कम से कम पांच हजार रुपये किया जाए। जनता किस दर्द को झेल रही है इसकी चिता सरकार को नहीं है। चुनाव के समय जनता से वादे किए जाते हैं लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद किसी को वादे याद नहीं रहते हैं। छोटे व्यापारी ऑनलाइन व्यापार से चौपट हो रहे हैं। कहा कि बीमा कंपनियां किसानों से फसल बीमा का प्रीमियम लेती हैं लेकिन नुकसान होने पर किसानों को एक भी पैसा वापस नहीं मिलता है। गरीब किसानों की गाढ़ी कमाई पूंजीपतियों के हाथ में चली जाती है। अब यह नहीं होने दिया जाएगा। उनका संगठन किसानों की हक की लड़ाई लड़ेगा। जनता की समस्याएं उठाई जाएंगी और निराकरण के लिए संघर्ष होगा।

कार्यक्रम का संचालन जिला प्रभारी डॉ. वीरेंद्र निरंजन ने किया। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव इकबाल पटेल, फूल सिंह पटेल, अंजू शर्मा महिला मोर्चा, चतुर सिंह निरंजन, आमीन खां, प्रांतीय उपाध्यक्ष राजकिशोर गुर्जर, महेश परिहार, जिलाध्यक्ष संतोष राजपूत, ओमप्रकाश साहू, अशोक निरंजन, संजू साहू, शिवराम यादव, विमल पाल, ंसतोष भदौरिया, हरिश्चंद्र यादव, बलवान सिंह, कमलेश सोनी, कमलेश यादव, जयराम नेता आरिफ मोहम्मद, जयराम कुशवाहा आदि मौजूद रहे।





