सपा मुखिया अखिलेश यादव ने की पार्टी के विधायकों व पूर्व प्रत्याशियों के साथ बैठक,, कही यह बात

SP chief Akhilesh Yadav held a meeting with party MLAs and former candidates, said this

UP news today । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि 2024 के लोकसभा चुनाव से लोकतंत्र की नई दिशा तय होगी। यह पांच वर्ष का नहीं, आने वाली पीढ़ी के भविष्य का भी चुनाव है। लोकतंत्र और संविधान को बचाने तथा भाजपा की साजिश और षडयंत्र करने की रणनीति से निबटने की जिम्मेदारी समाजवादी पार्टी को निभानी है। 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने में कोई कसर नहीं छोड़नी है।


श्री यादव ने उपस्थित विधायकों, 2022 विधानसभा के पूर्व प्रत्याशियों से कहा कि जितना वोट उन्हें पहले मिला था, उससे बढ़चढ़कर इस बार समाजवादी पार्टी के जो भी प्रत्याशी हो उनकी मदद करें और उनको ज्यादा वोट दिलाएं। उम्मीद है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश का परिणाम ऐसा होगा जिससे भाजपा का पूरी तरह सफाया होगा।
अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में हुई बैठक में आज विधायकों एवं पूर्व प्रत्याशियों को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में हर स्तर पर सतर्क और सावधान रहना है। 2022 के विधानसभा चुनाव में जनता ने समाजवादी सरकार बनाना तय कर लिया था परन्तु भाजपा ने सत्ता का दुरुपयोग कर लोकतंत्र के निर्णय को प्रभावित करने का काम किया। लेकिन अब पीडीए-इंडिया गठबंधन भाजपा और एनडीए का उत्तर प्रदेश में सफाया करके ही दम लेगा। हमारे सामने चुनौती है पर समाधान का रास्ता इसी से निकलेगा। इस बार पहले से ज्यादा वोट से हमारे प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित रहेगी। श्री यादव ने कहा कि भाजपा के दस वर्ष विफलता के रहे हैं। भाजपा सरकार ने आर्थिक संकट पैदा किया है। महंगाई चरम पर है। भ्रष्टाचार और कालाधन नोटबंदी के बाद भी बढ़ा है। बेरोजगारी की दर में लगातार वृद्धि क्यों हो रही है? महिलाओं और बच्चियों के उत्पीड़न में उत्तर प्रदेश एनसीआरबी के आंकड़ों में अव्वल है। हिरासत में मौतों का सिलसिल थमा नहीं है। भाजपा सरकार में एक लाख किसान आत्महत्या कर चुके हैं।


श्री यादव ने कहा कि भाजपा लगातार इस बात का प्रचार कर रही है कि विकसित भारत बनेगा, क्या विकसित भारत किसानों की आय बढ़े बिना बनेगा? देश की अर्थव्यवस्था तभी बेहतर होगी जब किसान और गरीब खुशहाल होगा। भाजपा सरकार में जो भी नौकरी मिल रही है वह अपमान से भरी नौकरी है।


उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादियों ने मेट्रो हर शहर में दी। लखनऊ, कानपुर, आगरा की मेट्रो, दिल्ली से नोएडा, ग्रेटर नोएडा जोड़ने वाली मेट्रो समाजवादियों की देन है। सन् 2017 से अब तक 8.4 करोड़ लोगों ने मेट्रो में सफर किया है, इतनी बड़ी उपलब्धि भाजपा की किसी योजना की नहीं होगी। उन्होंने कहा प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है। हर स्तर पर लूट हो रही है। जिसे जहां मौका मिल रहा है लूट रहा है। गड्ढ़ामुक्ति के नाम पर अब तक करीब 40 हजार करोड़ का बजट जारी हो चुका है पर सड़कों से गड्ढे खत्म नहीं हुए।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में विकास ठप्प है। भाजपा का दावा है कि प्रदेश में 40 लाख करोड़ रू0 का पूंजीनिवेश हुआ लेकिन कहीं कोई प्रस्ताव जमीन पर उतरता नहीं दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार में एक भी यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं हुआ। जो बिजलीघर समाजवादी सरकार में बनेे थे, उन्हीं से उपभोक्ताओं को महंगी बिजली दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जब गरीब के बेटे को नौकरी मिलेगी और उसके घर में दिया जलेगा। प्रत्येक स्तर पर न्याय और समानता होगी।

Leave a Comment