रिपोर्ट आशुतोष शर्मा
अवैध संबंधों के शक में दबंगों ने युवक को पेड़ से बांधकर दी थी तालिबानी सजा

Orai / jalaun news today । अवैध संबंधों के शक में दबंगों ने युवक को पेड़ से बांधकर क्रूरता पूर्वक मारपीट करते हुए तालिबानी सजा दी है। गोहन थाना अंतर्गत ग्राम कासिमपुर में अवैध संबंधों के शक को लेकर दबंगों द्वारा एक युवक को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें युवक को रस्सियों से बांधकर पीटा जाता दिख रहा है। उक्त मामले को एसपी द्वारा गंभीरता से लेकर पुलिस की शिथिलता पर थानाध्यक्ष व दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। उक्त घटना में आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घटना रविवार देर शाम की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि सुजीत कुमार नामक युवक अपने घर लौट रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही मिठाई लाल, सुमित कुमार और भूरे ने उसे जबरन पकड़ लिया। आरोप है कि तीनों ने सुजीत को रस्सियों से पेड़ से बांध दिया और फिर उसे डंडों से बुरी तरह पीटा। बताया जा रहा है कि युवक पर गांव की एक महिला से अवैध संबंध रखने का आरोप लगाते हुए इन दबंगों ने उसे तालिबानी सजा देने का नृशंस तरीका अपनाया। पीड़ित के परिजनों को जब घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने तत्काल गोहन थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित युवक को छुड़ाकर गंभीर हालत में अस्पताल भिजवाया। वहीं पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों आरोपियों मिठाई लाल, सुमित कुमार और भूरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है। वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला और तूल पकड़ने लगा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़ित की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। इस सम्बंध में क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ रामसिंह ने बताया कि इस प्रकार की घटना को किसी भी हाल में बर्दास्त नहीं किया जाएगा। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कारर्वाई की जा रही है। पीड़ित का अस्पताल में इलाज जारी है और उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार ने गोहन थाना क्षेत्र की इस अमानवीय घटना को गंभीरता से लिया है व दोषी लोगों पर सख्त कायर्वाही के निर्देश देते हुए थानाध्यक्ष गोहन संजीव कुमार यती एवं हलका इंजार्ज लक्ष्मी प्रसाद उप निरीक्षक को तत्काल निलंबित कर दिया है। दोनों पर मामले में लापरवाही बरतने और उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज न करने का आरोप है। उक्त घटना पर पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जनपद में इस तरह की घटनाएं बर्दास्त नहीं की जाएंगी। किसी को भी कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कार्यवाही की जा रही है। जिन पुलिस कर्मचारियों ने लापरवाही बरती, उन्हें भी नहीं छोड़ा जाएगा। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो, पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।





