MP news today । समाजवादी पार्टी ( samajwadi party ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ( akhilesh yadav )ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में चंदला विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी पुष्पेन्द्र अहिरवार के पक्ष में चुनावी जनसभा को सम्बोधित किया और मध्य प्रदेश की जनता से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।

चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए श्री यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर कांग्रेस से बातचीत हुई थी। लग रहा था गठबंधन हो जाएगा लेकिन अच्छा हुआ कांग्रेस ने पहले ही धोखा दे दिया। अगर बाद में धोखा देती तो समाजवादी पार्टी मध्य प्रदेश में चुनाव ही नहीं लड़ पाती। कांग्रेस के धोखे की वजह से पार्टी ने कई प्रत्याशी उतारे। मध्य प्रदेश में पार्टी मजबूती से चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस में कोई फर्क नहीं है। अगर सिद्धांतों और कार्यक्रमों को देखा जाए तो दोनों दल एक से रहे हैं। दोनों के सिद्धांत एक रहे हैं। जो लोग कांग्रेस में थे अब वे भाजपा में पहुंच गए हैं और जो भाजपा में में थे वे कांग्रेस में पहुंच गए हैं। मध्य प्रदेश में कुछ भी नहीं बदला है। मैं आपसे बदलाव और नये रास्ते के लिए अपील करता हॅूं।

श्री यादव ने कहा कि बाबा साहब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर ने हम सबको संविधान दिया। संविधान के तहत आरक्षण मिला था। नौकरी और रोजगार मिलने लगा था। समाजवादियों की लम्बी लड़ाई के बाद मंडल कमीशन लागू हुआ। पहले कांग्रेस ने मंडल कमीशन लागू नहीं होने दिया। फिर भाजपा ने भी इसका विरोध किया। पिछड़ों, दलितों को कभी कांग्रेस ने रोकने का काम किया था आज भाजपा रोक रही है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी लोगों, सभी जाति-धर्म को लेकर चलती है। समाजवादी कभी जातिवादी नहीं होते है। समाजवादी सबकी बात करते हैं। समाजवादी पार्टी जब भी सत्ता में आयेगी जातीय जनगणना कराकर सभी को आबादी के अनुसार हक और सम्मान देने का काम करेगी।

श्री यादव ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद अगर सबसे पहले समाजवादियों ने समर्थन न दिया होता तो कांग्रेस की सरकार नहीं बनती। उस समय कांग्रेस के मुख्यमंत्री बने कमल नाथ ने हमसे समर्थन मांगते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का समर्थन मिल जाएगा तो बाकी दल भी समर्थन कर देंगे। राज्यपाल जी सरकार बनाने के लिए कांग्रेस को आमंत्रित कर देंगे। हमने तुरन्त समर्थन दिया था। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी और कमलनाथ जी मुख्यमंत्री बने लेकिन इस विधानसभा चुनाव में गठबंधन की बात न करके कांग्रेस ने धोखा दिया। श्री अखिलेश यादव ने कहा कि जिनके नाम में ही कमल है उनसे क्या उम्मीद की जा सकती है। वे भाजपा जैसी बात नहीं करेंगे तो और क्या करेंगे?
श्री यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश में आज पार्टी की यह पहली जनसभा है। लोगों में भारी उत्साह और जोश दिखाई दे रहा है। हमें पूरा भरोसा है कि समाजवादियों को जनता का भारी समर्थन मिलेगा। समाजवादी पार्टी प्रत्याशी पुष्पेन्द्र अहिरवार चुनाव जीतेंगे।




