
UP news today । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा साजिश करने के अपने पुराने काम में लग गई है। वह धोखा देकर वोट चाहती है। भाजपा लोकतंत्र को प्रभावित करने के कई तरीकों के जरिए जनादेश को अपमानित करने पर तुली हुई है। हर राज्य सरकार लोककल्याणकारी काम करती है परन्तु भाजपा अपनी राजनीति के लिए लाभार्थियों को सुविधाओं का राजनीतिक इस्तेमाल करके लोकतंत्र की निष्पक्षता को ही नष्ट करने की साजिश करती है।

श्री यादव आज यहां पार्टी के राज्य मुख्यालय के डॉ0 राममनोहर लोहिया सभागार में विधायकों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सात वर्षों से भाजपा सरकार ने विकास का कोई काम नहीं किया। समाजवादी सरकार के कामों से भाजपा अपने कामों की तुलना नहीं कर सकती है। भाजपा लोकतंत्र के लिए खतरा है। इसलिए समाजवादियों को पूरी निष्ठा से लोकतंत्र को बचाने में जुटना है। लोकसभा चुनाव 2024 में कहीं भी कोई कमी नहीं छोड़नी है। भाजपा को हर हाल में सत्ता से हटाने का यह ऐतिहासिक मौका है। इस मौके को हाथ से नहीं निकलने देना है।

उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत के लिए मतदाता सूची पर ध्यान रखना होगा। मतदाता सूची में अभी 9 दिसम्बर 2023 तक नाम बढ़ाने का अंतिम अवसर है। मतदाता सूची में नाम जोड़े जाने के लिए फार्म नं0 6, नाम काटे जाने के लिए फार्म नं0 7 और संशोधन के लिए फार्म नं0 8 भरना होगा। इन दिनों मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य हो रहा है। 5 जनवरी 2024 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी नेता और कार्यकर्ता बूथ स्तर पर रात दिन लगकर लोकतंत्र को बचाने के लिए सघन जनसम्पर्क अभियान में जुट जाएं।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार के काम जनता को आज भी याद हैं। भाजपा का एक भी ऐसा कोई काम नहीं है जिसको वह उल्लेख कर सके। समाजवादी सरकार के कामों को ही भाजपा सरकार अपना बताने का काम कर रही है।
श्री यादव ने कहा कि समाजवादी और पीडीए-पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक मिलकर आने वाले लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा को सत्ता से हटाने का काम करेंगे। सामाजिक न्याय की लड़ाई समाजवादी पार्टी हमेशा से लड़ती रही है। जातीय जनगणना होने से ही समाज के हर वर्ग को भागीदारी और उसके अनुरूप अधिकार मिल सकेंगे। भाजपा जातीय जनगणना नहीं कराकर सभी को हक और सम्मान से वंचित कर रही है।

आज हुई बैठक में अवधेश प्रसाद, राजेन्द्र चौधरी, (पूर्व मंत्रीगण), प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, सांसद जावेद अली, अरविन्द कुमार सिंह पूर्व सांसद, पूर्व सांसद आलोक तिवारी के अलावा रामअचल राजभर विधायक, आलम बदी विधायक, कमाल अख्तर विधायक, सुधाकर सिंह विधायक, मनोज पारस विधायक, रामअवतार सैनी विधायक, नवाब इकबाल विधायक, समरपाल सिंह विधायक, प्रभुनरायन यादव विधायक, संग्राम सिंह यादव विधायक, आर.के. वर्मा विधायक, वीरेन्द्र यादव विधायक, आशु मलिक विधायक, संदीप पटेल विधायक, लकी यादव विधायक, रफीक अंसारी विधायक, डॉ0 मान सिंह यादव एमएलसी, आशुतोष सिन्हा एमएलसी, पूर्णमासी देहाती पूर्व विधायक, उदयवीर पूर्व एमएलसी, डॉ0 राजपाल कश्यप पूर्व एमएलसी, रामबृक्ष सिंह यादव पूर्व एमएलसी, लल्लन यादव पूर्व एमएलसी तथा योगेश प्रताप सिंह पूर्व विधायक आदि उपस्थित रहे।





