
UP news today। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अखिलेश यादव ने गुरुवार को भाजपा सरकार पर करारा प्रहार किया है। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश अराजकता का शिकार है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। कानून व्यवस्था पर जीरो टॉलरेंस का दावा जीरो साबित हो चुका है। बेटियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म और बलात्कार की घटनाएं बढ़ती जा रही है। भाजपा सरकार में बहन बेटियाँ सुरक्षित नहीं हैं। भाजपा के पदाधिकारी बेटियों की अस्मत लूट रहे हैं। श्री यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि अपराधियों को भाजपा के बड़े-बड़े नेताओं का संरक्षण मिला हुआ है। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय में छात्रा के साथ हुई घटना बेहद शर्मनाक है भाजपा सरकार आरोपियों को लगातार बचाती रही। प्रदेश में अपराध के तमाम आरोपियों और षडयंत्रकारियों के भाजपा नेताओं से सीधे सम्बंध दिखाई देते है। महिला अपराधों के मामले में उत्तर प्रदेश देश में नंबर एक हो गया है।
श्री यादव ने कहा कि हत्याएं हो रही हैं। बुधवार को जौनपुर में एक बाल रोग विषेशज्ञ डॉक्टर टी.डी सिंह पटेल की हत्या हो गई। अपराधियों ने अस्पताल में घुसकर डॉक्टर की हत्या कर दी। भाजपा के कार्यकर्ता और नेता सत्ता के मद और अहंकार में अराजक हो गए हैं। महिलाओं और गरीबों को न्याय नहीं मिल रहा है। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। भाजपा सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल सकता है। सरकार की गलत नीतियों से आम जनता महंगाई, बेरोजगारी से त्रस्त है। भाजपा ने जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया। किसानों को फसलों का सही मूल्य नहीं मिल रहा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। श्री यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने 80 हराओ, भाजपा हटाओ का नारा दिया है। इंडिया गठबंधन यूपी में भाजपा को सभी 80 सीटों पर हराएगी।





