
Samajwadi party news। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को अगले साल होने वाले चुनाव को लेकर पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि 2027 में विधानसभा चुनाव जीतकर सरकार बनानी है पूरी तैयारी के साथ काम करना है। बूथ स्तर पर जीतना होगा भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है भ्रष्टाचार और लूट के सारे रिकॉर्ड टूट गये है। शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था चौपट हो गयी है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है। प्रदेश की जनता और राज्य के विकास के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना जरूरी हो गया है।
श्री यादव ने बृहस्पतिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी के सभी जिला, महानगर एवं विधानसभा अध्यक्षों की बैठक को सम्बोधित किया।
उन्होंने संगठनात्मक एवं 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में भाजपा द्वारा किए जा रहे सत्ता के दुरुपयोग और भावी चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के सत्ता में रहते दस वर्ष होने वाले हैं। इन वर्षों में सत्ता का बड़े पैमाने पर दुरुपयोग हुआ है। भाजपा संविधान नहीं मानती है। संविधान का मुद्दा महत्वपूर्ण है। समाजवादी पार्टी के लिए संविधान सब कुछ है। 2024 में भाजपा की बेईमानी के बाद भी समाजवादी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर आयी। समाजवादी पार्टी नम्बर एक पर रही। विधानसभा चुनाव में किसी तरह का भ्रम नहीं रखना है। इस बार कोई चूक न हो। 2027 करो मरो का लक्ष्य है। यूपी को खोना नहीं है, अन्यथा लोकतंत्र पर खतरा गहरा हो जाएगा।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की जनता को धोखा दिया है। भाजपा का रास्ता असत्य का है। समाजवादी पार्टी सत्य के मार्ग पर है। समाजवादी पार्टी पूरी ईमानदारी के मार्ग पर चलती है।
समाजवादी पार्टी का रास्ता लोकतांत्रिक और सेकुलर है। समाजवादी पार्टी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं कर सकती है। भाजपा सरकार में मंहगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार से हर वर्ग त्रस्त है। पीडीए की बढ़ती ताकत से भाजपा अवसाद में है। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाना ही होगा। सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करें। आपस में किसी की बुराई नहीं करनी है। एक दूसरे का सम्मान करना है। शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव में सबको पार्टी प्रत्याशियों की मदद करना है।
बैठक में पदाधिकारियों ने 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने और श्री अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया। पदाधिकारियों ने कहा कि इसके लिए हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

बैठक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह ने सम्बोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, संजय लाठर, प्रो0 सुधीर पंवार, जावेद आब्दी, उदयवीर सिंह, सुनील सिंह साजन आदि प्रमुख नेता उपस्थित रहे।






