सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किया भाजपा सरकार पर प्रहार,, कही यह बड़ी बात

Samajwadi party news today । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार शिक्षा पर हमला कर रही है बुनियादी और प्राइमरी शिक्षा को बर्बाद कर रही है गरीबों को शिक्षा से दूर कर षड्यंत्र कर रही है।
श्री यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हम लोग कहते थे कि संविधान खतरे में है। भाजपा सरकार स्कूलों को बंद कर संविधान को कमजोर कर रही है संविधान के तहत ही शिक्षा का अधिकार का कानून है। भाजपा स्कूलों को बंद कर संविधान और कानून से मिले शिक्षा के अधिकार को छीन रही है। जब स्कूल और शैक्षिक संस्थान बंद हो जाएंगे तो गरीब और पीडीए परिवार के बच्चे कहां पढ़ने जाएंगे।
बता दें आपको शुक्रवार को कन्नौज के एक दिवसीय दौरे के दौरान मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी साथी बंद होने वाले स्कूलों के गांव में टीम बनाएं। पढ़े-लिखे नौजवानों और पार्टी के समर्थकों या रिटायर्ड शिक्षकों से मेरा निवेदन है कि वे पीडीए पाठशाला बनाकर बच्चों को पढ़ाने और उनका भविष्य सुधारने का काम करें। उन्होंने कहा कि हम लोग बच्चों की पढ़ाई रूकने नहीं देंगे। पीडीए पाठशाला चलाकर बच्चों की पढ़ाई कराने का काम करेंगे। अगर स्कूल बंद होते हैं तो समाजवादी लोग गांव-गांव जाएंगे, बच्चों को पढ़ाएंगे। समाजवादी सरकार बनेगी तो स्कूल पुनः और अच्छे खोले जाएंगे। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली व्यवस्था सब कुछ बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने नौ साल में कन्नौज का विकास नहीं होने दिया। कन्नौज के विकास कार्यों को रोका है। मैं कन्नौज के लोगों को भरोसा दिलाता हॅू कि आने वाले समय में सरकार बनते ही कन्नौज का ऐतिहासिक विकास करेंगे। हम समाजवादी लोग जनता के बीच रहेंगे। किसी के साथ अन्याय नहीं होने देंगे। हर संघर्ष में खड़े रहेंगे।
उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज बनाया सभी गंभीर बीमारियों के इलाज की व्यवस्था की थी लेकिन भाजपा सरकार ने सब काम रोक दिया। मेडिकल कॉलेज में कैंसर, हार्ट, किडनी, का इलाज होता, इसके लिए यहां के लोगों को दिल्ली, मुम्बई, नहीं जाना पड़ता। इलाज यही कन्नौज में हो जाता लेकिन इस सरकार ने मेडिकल कॉलेज की दुर्दशा कर दी। कन्नौज में काऊ मिल्क प्लांट बंद कर दिया। परफ्यूम पार्क बंद कर दिया। मंडी की व्यवस्था खराब कर दी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किसी की सुनवाई नहीं है। खुद भाजपा के लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। डिप्टी सीएम डपटे जा रहे है। सोचने वाली बात है कि सरकार में बैठे लोग अपने विभाग में ध्यान नहीं दे रहे हैं। समाजवादियों पर झूठे आरोप लगाते हैं। भाजपा केवल नफरत फैलाना चाहती है। ये नकली लोग है। भाजपाइयों की भाषा बहुत खराब है। ये नफरत करते हैं। समाजवादी लोग सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। हम लोग सब जगह जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार बढ़ा दिया है। भारत का बाजार विदेशों को दे दिया। अर्थव्यवस्था बर्बाद कर दी है । श्री यादव ने कहा कि भाजपा घबराई हुई है इसीलिए एसआईआर करवा रहे हैं। वोटर लिस्ट का रिवीजन करा रहे हैं। आजादी के बाद पहली बार बिहार की पूरी आठ करोड़ वोटर की लिस्ट दोबारा बन रही है।
श्री यादव ने कहा कि चुनाव बायकाट नहीं करना है। हम लोग मिलकर भाजपा को हराएंगे। भाजपा अगले चुनावों में लाखों वोटों से हारेगी। भाजपाई भी जान गये हैं कि भाजपा किसी की सगी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा आरक्षण के खिलाफ है। भाजपा पीडीए के खिलाफ है, भाजपा गरीबों, आदिवासियों, मुसलमान भाइयों, जैन भाईयों, बौद्ध धर्म, सिख भाइयों सभी धर्मों के खिलाफ है। हिन्दुओं के भी खिलाफ है। उन्होंने कहा कि समाजवादी शब्द आर्थिक और सामाजिक गैरबराबरी के खिलाफ लड़ने का सिद्धांत है। जब सामाजिक न्याय के राज की स्थापना होगी तो उसमें आरक्षण होना जरूरी है। भाजपा सरकार ने आरक्षण को लेकर नया शब्द एनएफएस (नॉट फाउण्ड सूटेबल) निकाला है। जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा डेमोक्रेसी, सेकुलरिज्म, सोशलिज्म के लिए एनएफएस है। भाजपा लोकतंत्र के लिए सूटेबल नहीं है।

Leave a Comment