सूडा निदेशक ने की सभी बैंक प्रतिनिधियों के साथ बैठक,,इन मुद्दों पर की चर्चा

SUDA Director held a meeting with all the bank representatives, discussed these issues

बैंक कराएं लाभार्थियों की समस्याओं का तत्काल निस्तारण: निदेशक सूडा

Lucknow news today । राज्य नगरीय विकास अभिकरण सूडा मुख्यालय में आज सभी बैंकों के प्रतिनिधियों संग निदेशक सूडा डा. अनिल कुमार ने आवश्यक बैठक की। इस बैठक में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इण्डिया, इण्डियन ओवरसीज बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, आर्यवर्त बैंक, प्रथमा यूपी ग्रामीण बैंक व बड़ौदा यूपी बैंक के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।


बैठक में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत ऋण वितरण तथा लाभार्थियों के सम्मुख आने वाली बैंक से जुड़ी समस्याओं व स्वयं सहायता समूहों के लिए बैंक लिंकेज समेत बैंक से सम्बद्ध अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई। आपको बताते चलें कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत स्ट्रीट वेंडर्स को प्रथम लोन के रूप में 10000 रुपए, द्वितीय लोन के रूप में 20000 रुपए व तृतीय लोन के रूप में 50000 रुपए का ऋण बैंक द्वारा दिया जाता है। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूह यानी एसएचजी का बैंक लिंकेज किया जाता है। स्वयं सहायता समूह को बैंक लिंकेज के माध्यम से उनकी बचत के अनुरूप व बैंक अपनी ग्रेडिंग के हिसाब से उनकी बचत का अधिकतम चार गुना ऋण देते हैं।


इस बैठक में प्रदेश के सभी 75 जनपदों से परियोजना अधिकारियों व शहर मिशन प्रबंधक ने भी वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। इस दौरान बैंकर्स को समस्याओं से अवगत कराया गया। जिसे समस्त बैंक प्रतिनिधियों ने बेहद गंभीरतापूर्वक सुना व जल्द ही प्रभावी निस्तारण का आश्वासन भी दिया।


बैठक के दौरान निदेशक सूडा डा. अनिल कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों व स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों के सम्मुख बैंक से जुड़ी हुई जो भी समस्याएं हैं, उनका प्राथमिकता पर निस्तारण कराया जाए। लाभार्थियों से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण में बैंकों को विभाग की ओर से पूरा सहयोग दिया जाता रहा है और आगे भी दिया जाता रहेगा। अत: विशेष अभियान चलाकर शिकायतों का निस्तारण किया जाए।
इस बैठक के दौरान अपर निदेशक सूडा आनंद कुमार शुक्ला, सहायक निदेशक मोनिका वर्मा व सहायक निदेशक स्थानीय निकाय सविता शुक्ला समेत बड़ी संख्या में विभाग के अधिकारी, कर्मचारी व बैंकर्स उपस्थित रहे।

Leave a Comment