रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । शीघ्र ही हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं। परीक्षा में समय प्रबंधन को लेकर रघुराज इंटर कॉलेज सिकरीराजा की शिक्षिका भारती प्रजापति ने छात्रों को टिप्स दिए हैं।
रघुराज इंटर कॉलेज की शिक्षिका भारती प्रजापति ने छात्रों को समय प्रबंधन के महत्व के बारे बताते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र मिलने के बाद कुछ मिनट प्रश्नों को समझने में लगाएं और फिर उत्तर लिखना शुरू करें। सबसे पहले सरल और ज्ञात प्रश्नों को हल करने से समय की बचत होती है और आत्मविश्वास बना रहता है। कठिन प्रश्नों को अंत में हल करना बेहतर रहता है, ताकि समय की कमी से नुकसान न हो। उन्होंने छात्रों को मानसिक संतुलन बनाए रखने की सलाह देते हुए कहा कि परीक्षा के दिनों में पर्याप्त नींद, संतुलित भोजन और नियमित दिनचर्या बेहद जरूरी होती है। अंतिम समय में पूरी किताबें पढ़ने के बजाय पहले से तैयार नोट्स और महत्वपूर्ण बिंदुओं की पुनरावृत्ति करें। उन्होंने मोबाइल फोन और अनावश्यक गतिविधियों से दूरी बनाए रखने की भी सलाह दी। कहा कि पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करें, जिससे प्रश्नों के पैटर्न और अंक वितरण की बेहतर समझ बनती है। नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच से किसी भी विषय में अच्छे अंक प्राप्त किए जा सकते हैं।






