किशोरी ने फाँसी लगाकर की आत्महत्या,, जांच में जुटी पुलिस

Jalaun news today । जालौन नगर में गुरूवार की सुबह सूने घर में किशोरी ने फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच विधिक कार्यवाही पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्रित किए।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला हिरदेशाह में महेंद्र कुमार बाथम पुत्र पुरुषोत्तम दास अपनी पत्नी सुनैना व बेटी तान्या (12), शिवानी (11) पल्लवी (4 माह) व पुत्र शिवम (9) के साथ किराए के मकान में रहते हैं। महेंद्र नगर में संचालित एक रेस्टोरेंट में कर्मचारी है और पत्नी सुनैना घरों में बर्तन धोने का काम करती है। गुरुवार की सुबह माता-पिता दोनों काम करने के लिए चले गए। कक्षा छह में पढ़ने वाली शिवानी अपनी अन्य बहिनों और भाई के साथ घर में अकेली थी। सुबह करीब साढ़े 9 बजे भाई बहिन भी बाहर खेलने के लिए चले गए। घर में अकेली शिवानी ने बरामदे में पंखे के कुंडे में साड़ी का फंदा बनाकर डाल दिया और कुर्सी पर खड़े होकर अपने गले में भी फंदा डालकर उस पर लटक गई। फांसी लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कुछ समय बाद जब मां काम से लौटी तो बेटी को बरामदे में फांसी के फंदे पर लटका देख उसकी चीख निकल गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही सीओ शैलेंद्र बाजपेई, कोतवाल वीरेंद्र पटेल, चौकी प्रभारी कुलवंत सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। जहां किशोरी के शव को फंदे से उतारकर पुलिस ने विधिक कार्यवाही पूरी करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। सीओ शैलेंद्र बाजपेयी ने बताया कि किशोरी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक टीम की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment