लखनऊ के निगोहां में राजस्थान की राधा की माधुर्य भक्ति देख गदगद हुए दर्शक —-

श्रीकृष्ण का बाल रूप देख जयकारों की हुई गूंज —–

रिपोर्ट मुकेश मिश्रा

Lucknow / Nigohan news today । लखनऊ के निगोहां क्षेत्र के वाजपेई खेड़ा गांव में रासलीला के पंचम दिवस के आनंदमय आयोजन में मीराबाई की भक्ति, श्री कृष्ण का बाल रूप दर्शन सहित अन्य लीलाओं का सजीव मंचन किया गया। जहां बड़ी संख्या में एकत्र श्रद्धालु मीराबाई की माधुर्य भाव की भक्ति देख गदगद हो उठे।


वृंदावन के रसाचार्य भावेश कृष्ण भारद्वाज के सानिध्य में कलाकारों द्वारा हो रही रासलीला में राजस्थान की राधा कही जाने वाली मीराबाई के चरित्र का एक अद्भुत और शानदार प्रस्तुतीकरण हुआ, जिसमें नन्हे गिरिधर गोपाल की मनमोहक सजीव झांकियों ने दर्शकों को पूरी तरह से मंत्रमुग्ध कर दिया। मरुस्थल की मंदाकिनी मीरा की अनन्य भक्ति और मनमोहक अमृतवर्षा रूपी भजनों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया जिससे पूरा वातावरण कृष्णमय हो उठा। इस दौरान हजारों की संख्या में मौजूद भक्तों को विन्ध्येश्वरी परिवार द्वारा प्रसाद वितरित किया गया। गुरुवार देर रात तक हुई रासलीला की प्रेम-भक्ति और मीराबाई के संघर्ष ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।


कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ल, सोनू शुक्ल “विन्ध्येश्वरी”, आशीष मिश्रा, भाजपा नेता अभिषेक शुक्ल,अनुराग शुक्ला, देवांश शुक्ल, मंडल उपाध्यक्ष अर्जुन शुक्ल सहित बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे।