रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन नगर में 20 दिन पूर्व कोतवाली रोड पर कोतवाली से करीब 100 मीटर दूर मोबाइल सुधरवाने के लिए गई महिला के गले से दिन दहाड़े दो बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन व उसमें पड़ा लॉकेट छीन लिया था। जिसमें एक व्यक्ति को लगभग एक सप्ताह पूर्व औरैया पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। स्थानीय पुलिस ने मामले में आरोपी को रिमांड पर लेकर घटना में चेन बेचकर बचे हुए रुपयों को बरामद कर लिया है।
बीती दो अगस्त को कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया खंडेराव लौना रोड निवासी साधाना देवी अपने भतीजे अंकुश के साथ कोतवाली रोड पर कोतवाली से लगभग 100 मीटर दूर अपना मोबाइल सुधरवाने के लिए गई थी। मोबाइल दुकान पर रखकर वह भतीजे के साथ वापस घर पर जाने के लिए बाइक पर बैठ गई। इसी दौरान पीछे से बाइक लेकर दो युवक आए जिनमें बाइक चला रहा युवक हैलमेट लगाए था और पीछे बैठा युवक चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए था। उन्होंने चलती हुई बाइक से महिला के गले से पड़ी सोने की चेन व उसमें पड़ा लॉकेट छीन लिया और वहां से भाग निकले थे। कोतवाली पुलिस जब तक चेन स्नेचिंग करने वाले बदमाशों को पकड़ पाती उससे पूर्व ही औरैया पुलिस ने चेन स्नेचिंग में लिप्त जनपद कानपुर नगर के घाटमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम शीतलपुर निवासी एक बदमाश ज्ञानेंद्र उर्फ साहिल को गिरफ्तार कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था। मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी को एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया। चौकी प्रभारी मनीष तिवारी ने बताया कि आरोपी साहिल ने पूछतांछ में बताया कि उसने व उसके साथी ने सोने की चेन 60000 रुपये में बेची थी। जिसमें से 30000 रुपये उसे मिले थे। 19000 रुपये वह खर्च कर चुका है। शेष 11000 रुपये उसने काली पन्नी में रखकर एक खेत में दबा दिए थे। ताकि जरूरत पर वह उन्हें खर्च कर सके। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खेत में दबाए गए रुपये भी बरामद कर लिए हैं। जबकि दूसरे बदमाश की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा।










