हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गोपाष्टमी का पर्व,,गौसेवकों ने की गाय व बछड़ों की पूजा

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर के ऐतिहासिक मुरलीमनोहर तालाब स्थित श्रीगोवर्धन गोशाला में गोपाष्टमी का पर्व हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर गोसेवकों द्वारा सामूहिक रूप से गाय व बछड़ों की पूजा-अर्चना की गई। इसके अलावा कार्यक्रम में गाय के सामाजिक, आर्थिक एवं आध्यात्मिक लाभ के बारे में भी लोगों को बताया गया।
गोपाष्टमी के महापर्व पर गोरक्षा अभियान, गोसंपदा संरक्षण शोध संस्थान एवं सुरभि संदेश के संयुक्त तत्वावधान में नगर के ऐतिहासिक मुरली मनोहर तालाब स्थित श्रीगोवर्धन गोशाला में उत्साहपूर्वक गोपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके उपरांत गो-गोपाल दर्शन व गो-ग्रास वितरण भी हुआ। पंडित पीयूष महंत की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप ब्लॉक प्रमुख रामाराजा निरंजन, विशिष्ट अतिथि पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल, रामलीला समिति के अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी, जालौन सेवा समिति के अध्यक्ष रामशरण विश्वकर्मा, आरएसएस नगर कार्यवाह कार्ति सतीश सिंह सेंगर आदि के साथ गोसेवकों व उपस्थित महिलाओं ने वैदिक रीति से गाय व बछड़ों की सामूहिक पूजा-अर्चना की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ने गोपालन की महत्वता के बारे में लोगों को परिचित कराया। उन्होंने लोगों में गोसेवा का भाव जागृत करते हुए घरों से गो ग्रास निकालने की अपील की। गो संपदा संरक्षण शोध संस्थान के संस्थापक अनिल शिवहरे ने गाय के सामाजिक,आध्यात्मिक एवं आर्थिक लाभ के बारे में बताते हुए आज के समय में गो-पालन की आवश्यकता पर बल दिया। कहा कि यदि हमारे अंदर से गो-सेवा का भाव चला गया, तो मानव जीवन का विनाश सुनिश्चित है। गोपाष्टमी पर्व की महत्ता बताते हुए उससे प्राप्त होने वाले दुग्ध, दही व घी को अमृत समान बताया। कवि महेंद्र पाटकार ने गोपाष्टमी पर्व की महत्वता के बारे में बताया। महेश चौधरी ने गीत के माध्यम से गोपालन और सेवा की महिमा व्यक्त की। कार्यक्रम का संचालन जावेद अख्तर ने किया। अंत में राजा सिंह सेंगर ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर मनोज गुप्ता, लालन ताम्रकार, नैना साहनी, नीतू गुप्ता, रीता साहनी, रामकुमार गुप्ता, थोपन यादव, सुरेशराव डेंगरे, सुरेश राव डेंगरे, यखिल पटेल, भूपेंद्र सिंह सेंगर, गोपालजी पुरवार, सोनू चौहान, रामजी ताम्रकार, प्रथम गुप्ता, आशुतोष शिवहरे आदि मौजूद रहे।

Leave a Comment