जारी है भीषण सर्दी का सितम,,दिन भर नहीं हुए सूर्यदेव के दर्शन

रिपोर्ट बबलू सेंगर

E-Magzine – उत्तम पुकार न्यूज़

Jalaun news today । जालौन में गुरुवार को पूरे दिन आसमान में घनी बदली छाई रही और शीतलहर चलने से जनजीवन प्रभावित नजर आया। ठंड और सर्द हवाओं के चलते लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ रहा, जिससे गलन और ठिठुरन बढ़ गई। सूर्य देव के दर्शन नहीं होने से ठंड का असर और अधिक महसूस किया गया।
गुरूवार को शीतलहर के कारण बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। आवश्यक कार्यों से ही लोग घरों से बाहर निकले। आम दिनों की तुलना में बाजार बैठगंज, सब्जी मंडी, तकिया मैदान और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही काफी कम रही। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेते दिखाई दिए। चाय की दुकानों पर लोगों की भीड़ जरूर नजर आई, जहां लोग गर्म चाय के साथ ठंड से राहत पाने का प्रयास करते रहे। ठंड का असर सबसे अधिक सुबह और शाम के समय देखने को मिला। सर्द हवाओं के कारण हाथ-पैर सुन्न होते महसूस हुए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी हालात कुछ ऐसे ही रहे। खेतों में काम करने वाले किसान सुबह देर से खेतों की ओर निकले। ठंड बढ़ने से बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत महसूस की गई। केवल इंसान ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षी भी ठंड में ठिठुरते नजर आए। सड़कों के किनारे बैठे आवारा पशु सर्दी से बचने के लिए एक-दूसरे के पास सिमटे दिखाई दिए। कई स्थानों पर लोग पशुओं के लिए भी अलाव जलाते नजर आए। पेड़ों पर बैठे पक्षी भी अपने पंख समेटे ठंड से बचने का प्रयास करते दिखे। दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों को भी ठंड के बीच अपनी जिम्मेदारियां निभानी पड़ीं।