
Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में एक गांव के बाहर बने शिवलिंग व शनिदेव के स्थान पर अराजक तत्वों ने तोड़फोड़ कर माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस मामला शांत कराया।
हमारे स्थानीय सहयोगी से मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हथेरी में गांव के बाहर सरकारी विद्यालय के पास एक चबूतरे पर शिवलिंग की स्थापना की गई। साथ ही में शनिदेव की भी प्रतिमा स्थापित है। ग्रामीण इस स्थान पर शिवलिंग और शनिदेव की पूजा पाठ करते हैं।गुरूवार की सुबह इस जगह पर जब ग्रामीण पहुंचे तो किसी अराजक तत्व ने शनिदेव की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया था। वहां पत्थर पड़े हुए थे और किसी पत्थर को प्रतिमा पर मारकर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया था। जब गांव में लोगों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर कोतवाल वीरेंद्र पटेल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर ग्रामीणों से जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि रात में प्रतिमा सही थी। सुबह प्रतिमा खंडित मिली। रात में किसी अराजक तत्व ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हुए प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। कोतवाल ने आश्वासन दिया कि जिसने भी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किया है। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दूसरी प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी। इस बाबत सीओ शैलेंद्र बाजपेई ने बताया कि अभी किसी ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस मौके पर पहुंची है। मामले की जांच कर आराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











