(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)
Jalaun news today । दोस्तों के बीच रुपयों के लेन देन को लेकर हुए विवाद में दो दोस्तों ने मिलकर एक दोस्त की गला रेतकर हत्या कर दी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पहाड़पुरा स्थित कामांक्षा मंदिर के पास युवक का धड़ बरामद हुआ। जबकि गर्दन अभी तक नहीं मिल सकी है। जबकि पुलिस अभी गर्दन के ऊपर के हिस्से को खोज रही है।
बिहार के चंपारण जिले के थाना सिंगटा क्षेत्र के ग्राम शिकारपुर निवासी सूरज कुमार (20) पुत्र बबलू कुमार औरैया में एक कंपनी की मार्केट नेटवर्किंग का काम करता था। उसके साथ काम करने वाले दो अन्य दोस्त भी उसके साथ ही रहते थे। दो नवंबर को उसका अपने दो दोस्तों के साथ रुपयों के लेन देन को लेकर झगड़ा हो गया था झगड़े के बाद से वह लापता था। पित की सूचना पर पुलिस युवक की तलाश कर रही थी। औरैया पुलिस की जांच में पता चला कि सूरज का दोस्तों के साथ झगड़ा हुआ था। जिसके बाद पुलिस व एसओजी टीम ने दोनों दोस्तों को पकड़कर सख्ती से पूछतांछ की तो उन्होंने धारदार हथियार से गर्दन रेतकर हत्या किए जाने की बात कही। जिसके बाद उनकी निशानदेही पर रविवार को औरैया कोतवाल पंकज मिश्रा, सीओ सिटी एमपी सिंह व एसओजी टीम के साथ जालौन पहुंचे। जालौन कोतवाल विमलेश कुमार के साथ टीम पहाड़पुरा गांव के पास स्थित कामांक्षा देवी मंदिर के पीछे पहुंची जहां राजीव निरंजन के खेत के पास स्थित एक गूल में सूरज का धड़ पड़ा मिला। खेत में खून के निशान भी थे। पुलिस ने धड़ को कब्जे में ले लिया और गर्दन के ऊपर के हिस्से की तलाश की। लेकिन छह घंटे की मेहनत के बाद भी पुलिस गर्दन के ऊपर का हिस्सा बरामद नहीं कर सकी है। हालांकि पुलिस की तलाश अभी भी जारी है। उक्त संदर्भ में औरैया सीओ सिटी एमपी सिंह ने बताया कि औरैया में रुपयों के लेन देन को लेकर दोस्तों के बीच झगड़ा हुआ था। दोस्तों ने युवक को अकोढ़ी दुबे के पास लाकर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी थी। पकड़े गए युवकों की निशानदेही पर पुलिस ने धड़ तो बरामद कर लिया है, अभी सिर बरामद नहीं हुआ है। पुलिस सिर की तलाश कर रही है।






