जालौन। उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के कोटरा थाना क्षेत्र में स्थित असरा कालोनी निवासी वृद्ध बीती रात बीड़ी से लगी आग की चपेट में आ गया। जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और मौके पर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वहां अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया।
हमारे स्थानीय सहयोगी से मिली जानकारी के अनुसार कस्बा कोटरा के असरा कालोनी निवासी वृद्ध भागीरथ 65 वर्ष पुत्र भगवानदास रात में अपनी चारपाई पर लेटा हुआ था। बताया गया है कि उसको बीड़ी पीने की लत लगी और उसने बीड़ी पीने के बाद उसका जलता हुआ डंठल चारपाई के नीचे फेंक दिया। मामूली डंठल की आग धीरे-धीरे चारपाई के नीचे लटके कम्मल को छू गई और कंबल में आग लग गई। देखते ही देखते मामूली डंठल से सुलगी आग ने एक विकराल रूप धारण कर लिया। जिससे चारपाई पर लेटा वृद्ध आग की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों के अलावा स्थानीय लोगों में अफरा तफरी मच गई और लोगों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई। वहीं घटना की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में बारीकी से लगी हुई है।




