लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गुडम्बा थाना क्षेत्र में एक चालक ने अपने मालिक के भरोसे का कत्ल करते हुए उनके घर से उस समय कीमती सामान और नकदी चोरी कर लिया जब वह शादी में परिवार सहित गए थे। घर में चोरी होने की घटना उनको तब पता चली जब वह शादी समारोह से वापस लौटे । इस पर उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जब तहकीकात शुरू की तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया। पुलिस ने आज आरोपी चालक को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार पकड़े गए अभियुक्त के कब्जे से चोरी के सोने चांदी के जेवरात व लाखों रुपए की नकदी बरामद हुई है।
यह था मामला
पुलिस कमिश्नरेट के मीडिया सेल से मिली जानकारी के अनुसार गुडंबा थाना क्षेत्र के रहने वाले अंकुर गुप्ता के घर पर सोनू नामक व्यक्ति कार का चालक था। पुलिस के अनुसार बीती 8 फरवरी को अंकुर अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में गए थे । इस बात की जानकारी उनके चालक सोनू को थी और सोनू ने अपने मालिक के भरोसे का कत्ल करते हुए उनके घर में रखे सोने चांदी के जेवरात व नकदी चोरी कर ली थी। जिसे आज गिरफ्तार कर उसके कब्जे से सोने चांदी के जेवरात व ₹3 लाख 50हजार 500 रुपये भी बरामद हुए हैं ।
ऐसे हुआ खुलासा
चोरी की घटना के खुलासे के संबंध में पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर जब मुखबिरों का जाल फैलाया गया तब आज एक मुखबिर ने सूचना दी कि अंकुर गुप्ता के घर हुई चोरी की घटना को अंजाम देने वाला व्यक्ति एक कार में मौजूद है । इस पर पुलिस ने अपना जाल फैला कर आरोपी को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार पकड़ा गया अभियुक्त सोनू भी आधार खेड़ा का ही रहने वाला है। फिलहाल पुलिस ने अपने मालिक के भरोसे का कत्ल करने वाले चालक को गिरफ्तार कर लिया है।




