रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के एक गांव में उचित दर की दुकान का चयन होना है। जिसमें गांव के ही व्यक्ति के नाम दुकान का चयन किया जाना है। लेकिन दूसरे गांव के व्यक्ति ने गांव का वोट बनवा लिया है। ऐसे में गांव के लोगों में रोष है। ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर गांव के निवासी का चयन कराने की मांग की है।
ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सुढ़ार निवासी भूपेंद्र, विपिन, छोटेलाल, छत्रपाल सिंह, दीपक नगाइच, रामवीर, विषय कुमार, रणजीत, रामस्वरूप, गंभीर, करन सिंह, चंद्रशेखर, राजू सिंह, ममता देवी, मीरा देवी, राधा आदि ने एसडीएम विनय मौर्य को ज्ञापन सौंपकर बताया कि उनके गांव में उचित दर की दुकान नहीं है। गांव के लोगों को राशन लेने के लिए पड़ोसी गांव सालाबाद में जाना पड़ता है। ग्रामीणों को हो रही समस्या को देखते हुए गांव में ही उचित दर की दुकान खोली जा रही है। जिसमें गांव के ही निवासी व्यक्ति का चयन किया जाना है। आरोप लगाया कि सालाबाद निवासी एक व्यक्ति ने जो सुढ़ार गांव में रहता भी नहीं है। उसने सुढ़ार गांव का परिचय पत्र व अन्य कागजात बनवा लिए हैं। जबकि उनका गांव में न तो कोई पैतृक मकान है और न ही वह सुढ़ार गांव में रहता है। गांव के कागजात बनवाकर वह सांठगांठ करके उचित दर की दुकान अपने नाम कराना चाहता है। इसके लिए उसने कागजात भी जमा करा दिए हैं। यदि उपरोक्त व्यक्ति का चयन उचित दर की दुकान के लिए होता है तो वह गांव के लोगों के साथ अन्याय होगा। उन्होंने एसडीएम से मांग करते हुए कहा कि उपरोक्त व्यक्ति के कागजातों की जांच कराई जाए और यह भी देखा जाए कि वह व्यक्ति गांव में रहता भी है अथवा नहीं। जांच कराकर उसके कागजातों को निरस्त किया जाए और गांव के लोगों को उचित दर की दुकान के चयन में सहभागिता करने दी जाए।





