
Lucknow news today । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित स्कूल जी. डी. गोयनका पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने बुधवार को उत्तर प्रदेश विधानसभा का भ्रमण किया। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को लोकतांत्रिक प्रणाली, विधानसभा की कार्यप्रणाली और विधायी प्रक्रियाओं की जानकारी देना था। इस अवसर पर विद्यार्थियों को विधानसभा के ऐतिहासिक और आधुनिक पहलुओं को नजदीक से देखने और समझने का अवसर प्राप्त हुआ। बच्चों को विधान सभा आकर इस बात की जानकारी हुई कि किस प्रकार विधानसभा में जनहित के मुद्दों पर चर्चा की जाती है और कानून बनाए जाते हैं। इस भ्रमण ने विद्यार्थियों को लोकतंत्र के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का काम भी किया।

विधानसभा भ्रमण के बाद विद्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष श्री सतीश महाना जी से मुलाकात की। श्री महाना ने बच्चों को विधानसभा के इतिहास, गठन और कार्यशैली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने समझाया कि किस प्रकार विधानसभा में विधायकों द्वारा नीतिगत मुद्दों पर चर्चा की जाती है और निर्णय लिए जाते हैं, जो राज्य की भलाई और विकास के लिए होते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कानून बनाने की प्रक्रिया कितनी महत्वपूर्ण होती है और किस तरह से विभिन्न स्तरों पर इसकी समीक्षा की जाती है।
विधानसभा अध्यक्ष श्री महाना ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवा पीढ़ी को जागरूक बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बच्चों को उनके कर्तव्यों और अधिकारों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि भविष्य की पीढ़ी को लोकतंत्र के मूल्यों को समझना और उन्हें बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उनकी बातों से बच्चे न केवल प्रेरित हुए बल्कि लोकतंत्र की बारीकियों को भी समझ सके।

इस मुलाकात के दौरान बच्चों ने विधानसभा से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका श्री महाना ने सरल ढंग से उत्तर देकर उनके ज्ञान को और भी समृद्ध किया। यह अनुभव बच्चों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक साबित हुआ।
अंत में स्कूल के शिक्षकों और छात्रों ने इस अनूठे अवसर के लिए विधानसभा अध्यक्ष श्री सतीश महाना और विधानसभा के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर ने बच्चों को न केवल शिक्षा के क्षेत्र में बल्कि समाज और राजनीति के प्रति उनकी जिम्मेदारियों के बारे में भी जागरूक किया, जो भविष्य में उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
E-Paper 21-October-2024 – उत्तम पुकार न्यूज़





