बैंक से रुपए निकालने आयी महिला से शातिर ने उड़ाए 56 हजार ,,, सीसीटीवी के आधार पर तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस सीसीटीवी फुटेज देख युवक की शिनाख्त में जुटी

(ब्यूरो रिपोर्ट)

जालौन (उरई)। उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद के नगर जालौन में स्थित सेंट्रल बैंक से रुपये निकालने आई महिला के 56 हजार रुपये बैंक के अंदर से ही अज्ञात युवक ने चोरी कर लिए। पीड़ित महिला को जब तक अहसास हुआ तब तक युवक वहां से भाग निकला। पीड़िता के पति की सूचना पर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

हमारे स्थानीय प्रतिनिधि से मिली जानकारी के अनुसार जालौन कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला दलालपुरा निवासी रामदेवी पति रामदास के साथ घर के कुछ काम के लिए बस स्टैंड स्थित सैंट्रल बैंक की शाखा से दोपहर में रुपये निकालनेे के लिए आई थीं। बताया जा रहा है कि बैंक में उन्होंने डेढ़ लाख रुपये निकाले और बैंक में ही कुर्सी पर बैठकर पति के साथ रुपये गिनने लगी। बैंक में मौजूद एक युवक उन पर नजर रखे हुए था। रुपये गिनकर पति रुपये रखने के लिए बाहर कोई पॉलीथीन आदि लेने के लिए चले गए और रुपये उन्होंने पत्नी को ही दे दिए। महिला ने रुपये अपने बगल में साड़ी से छिपाकर रख लिए। पास ही बैठा युवक पीछे से हाथ डालकर रुपये निकालने लगा। महिला को जब तक रुपये निकाले जाने का अहसास हुआ तब तक युवक 56 हजार रुपये निकालकर वहां से भाग गया। महिला ने शोर मचाया तो पति भी वहां आ गया। जिन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुुंची पुलिस ने सीसीटीवी फटेज देखा तो युवक रुपये निकालता हुआ दिखा। उक्त सन्दर्भ में कोतवाल कमलेश तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस युवक की पहचान का प्रयास कर रही है। शीघ्र ही युवक पुलिस की गिरफ्त में होगा।

Leave a Comment