रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन ट्रॉफी सीजन दो का पहला मुकाबला देव इलेवन सेवढ़ा और सागर इलेवन के बीच हुआ। जिसमें सेवढ़ा की टीम ने नौ रनों से जीत दर्ज की। जबकि भूपेंद्र इलेवन गढ़गुवां और जीआईसी उरई के बीच हुए दूसरे मुकाबले में भूपेंद्र इलेवन ने 24 रनों से जीत दर्ज की।
पहले मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी देव इलेवन टीम के बल्लेबाज यशराज वर्मा ने अर्द्ध्रशतीय पारी खेली। उन्होंने 23 गेंदों में एक चौके और आठ छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। उनका साथ दे रहे निक्की ने नौ गेंद में 10 रनों की पारी खेली। छोटू ने 13 रनों की पारी खेलकर टीम का स्कोर 97 रनों पर पहुचाया। दूसरी पारी में खेलने उतरी सागर इलेवन के सलामी बल्लेबाज हनी कश्यप ने 21 गेंदों में 32 रन और बलराम पांडेय ने 20 रनों की पारी खेलकर टीम को सधी हुई शुरूआत दी। लेकिन अन्य बल्लेबाज इसका फायदा नहीं उठा सके। टीम के चार बल्लेबाज शून्य पर आउट हुए। सोएब ने संघर्ष करते हुए 17 रन बनाए। लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। टीम निर्धारित आठ ओवर में छह विकेट पर 88 रन ही बना सकी। मैच में देव इलेवन को नौ रनों से विजेता घोषित किया गया।
टूर्नामेंट का दूसरा मुकाबला भूपंेद्र इलेवन गढ़गुवां की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का नजारा पेश किया। जिसमें टीम के सलामी बल्लेबाज विशाल परमार ने 30 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 45 रनों की पारी खेली। धर्मेंद्र ने 13 गेंदों में आठ रन और शिवम सेंगर ने छह गेंदों में छह रन बनाकर टीम का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 73 रनों तक पहुंचाया। दूसरी पारी में खेलने उतरी उरई जीआईसी की टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज केशव सोनी नौ गेंद पर छह रन बनाकर आउट हुए। देवांश ने पांच गेंदों में नौ रन बनाए। टीम की ओर से अरूण कुमार ने पांच गेंदों पर सर्वाधिक 11 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका। टीम निर्धारित आठ ओवर में 49 रन ही बना सकी। टीम ने मैच में 24 रनों से जीत दर्ज की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले गेंदबाज सतीश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।






