(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । जालौन कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक गांव में अज्ञात चोरों ने घर के पीछे लगे दरवाजे का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के अनुसार चोर लगभग लगभग छह लाख रुपये के जेवर व नगदी उड़ा कर फरार हो गए हैं। पुलिस ने मौके का मुआयना कर चोरों की तलाश शुरू की।

हमारे स्थानीय सहयोगी से मिली जानकारी के अनुसार जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छानी खास निवासी जयप्रकाश ने पुलिस को बताया कि वह शादियों में नाई का काम करता है। उसके पुत्र भी बाहर रहकर काम धंधा करते हैं। मंगलवार की रात करीब 11 बजे परिवार के सभी सदस्य खाना खा पीकर कमरे में जाकर सो गए। उसके घर के पीछे भी एक दरवाजा है। रात में किसी समय अज्ञात चोर घर के पीछे लगे दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुस आए। चोरों ने कमरे और उसमें रखे बक्से का भी ताला तोड़ दिया। चोरों ने बक्से में रखे दो मंगलसूत्र, कानों के कुंडल, पायल व नगदी समेत लगभग छह लाख रुपये का सामान चोरीकर लिया। चोर सामान की चोरी कर बाकी सामान को यूं ही बिखरा हुआ छोड़कर भाग गए।

सुबह लगभग पांच बजे जब उसकी आंख खुली तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ देखकर उसे शक हुआ। जब वह अंदर पहुंचा तो चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित गृहस्वामी की सूचना पर कोतवाल विमलेश कुमार मौके पर पहुंचे और मौके का मुआयना कर चोरी के संबंध में जानकारी ली।
कोतवाल ने कही यह बात
उक्त संदर्भ में जालौन कोतवाल विमलेश कुमार ने बताया कि चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। क्या क्या चोरी हुआ है इसको लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। शीघ्र ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।






