जालौन के इस कॉलेज को मिली CBSE की मान्यता,, प्रबंधन ने दी विस्तार से जानकारी

Jalaun news today । जालौन नगर के शिक्षा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सेठ वीरेंद्र कुमार पब्लिक स्कूल को सीबीएसई बोर्ड से इंटरमीडिएट तक की संबद्धता प्राप्त हुई है। इस उपलब्धि को लेकर विद्यालय परिसर में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य की शैक्षिक योजनाओं की जानकारी दी।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. नितिन मित्तल ने कहा कि उनका परिवार शुरू से ही शिक्षा के क्षेत्र से जुड़ा रहा है। उन्होंने बताया कि उनके पूर्वजों ने 80 के दशक में नगर में शिक्षा के विस्तार के लिए कई विद्यालयों की स्थापना में सहयोग किया था। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2008 में शिक्षा के स्तर को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सेठ वीरेंद्र कुमार स्नातकोत्तर महाविद्यालय की स्थापना की गई, जिसने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नगर को नई पहचान दी। अब इसी शैक्षिक यात्रा को आगे बढ़ाते हुए सेठ वीरेंद्र कुमार पब्लिक स्कूल को सीबीएसई बोर्ड से इंटरमीडिएट तक की मान्यता प्राप्त हुई है। विद्यालय में विज्ञान, वाणिज्य और कला संकाय में कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जिससे विद्यार्थियों को नगर में ही गुणवत्तापूर्ण सीबीएसई शिक्षा का अवसर मिलेगा। आगामी शैक्षिक सत्र से कक्षा नौ और कक्षा 11 की पढ़ाई प्रारंभ की जाएगी। मार्च माह में विद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया शुरू की जाएगी। विद्यालय में आधुनिक शिक्षण व्यवस्था, अनुभवी शिक्षक और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त, अनुशासित और प्रतिस्पर्धी बनाना है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना कर सकें। इस मौके पर सीओ शैलेंद्र बाजपेई, दीपक मित्तल, पुनीत मित्तल आदि मौजूद रहे।