रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत नगर को तीन करोड़ 23 लाख की धनराशि मिली है। शासन से मिले धन से तालाबों का सुंदरीकरण व दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। छत्रसाल मैदान के पास नगर पालिका की दुकानों के खुलने से लोगों को व्यापार का साधन मिलेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष नेहा पुनीत मित्तल व ईओ सुशील कुमार ने बताया कि नगर पालिका परिषद लगातार नगर को बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है। इसके साथ ही लोगों के जीवन स्तर को भी उठाने का प्रयास जारी है। बताया कि प्रदेश सरकार के सचिव रवींद्र सिंह के माध्यम से अवगत कराया गया है कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत नगर पालिका परिषद को तीन करोड़ 23 लाख रुपये का बजट उपलब्ध कराया जा रहा है। इस बजट में से दो करोड़ 38 लाख रुपये की लगात से औरैया मार्ग पर छत्रसाल इंटर कालेज की बाउंड्री के बगल से दुकानों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही 75 लाख रुपये की लागत से मोहल्ला भवानीराम में तालाब का सुंदरीकरण कराया जाएगा। शासन से मिलने वाले बजट से जहां नगर में नए लोगों को रोजगार खोलने के लिए नगर पालिका परिषद की दुकान उपलब्ध हो जाएंगीं। वहीं दुकानें बनने से नगर पालिका परिषद की आय में भी वृद्धि होगी। उधर, वार्ड नंबर 20 मोहल्ला भवानीराम में तालाब के सुंदरीकरण से लोगों को सुबह शाम टहलने में सुविधा होगी। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि वह नगर के विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। शासन की योजनाओं का लाभ उठाने का प्रयास किया जा रहा है ताकि नगर का चहुंमुखी विकास हो सके।





