(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । रामलीला महोत्सव 2023 के 175वें मंचन के अंतिम दिन राम के राज्याभिषेक व भरत विरह की सुंदर लीला का मंचन किया गया। जिसमें भरत के सुंदर अभिनय को सभी दर्शकों ने जमकर सराहा।
गोविंदेश्वर मंदिर के पास रामलीला भवन में शाम के समय श्रीराम राज्याभिषेक लीला का मंचन किया गया। जिसमें भरतजी द्वारा श्रीराम के आने पर सुंदर भावयुक्त प्रदर्शन किया गया। भरतजी के सुंदर गीतों की करूण विलाप से बैठे दर्शक अपने आंसू नहीं रोक पाए। भरतजी द्वारा जब यह प्रण किया गया कि अगर प्रभु श्रीराम के जल्दी आने संदेशा नहीं मिलता है तो वह अपने प्राणों को छोड़ देंगे। तभी हनुमानजी विप्र का रूप धारण कर भरतजी के सम्मुख आकर प्रभु श्रीराम के आने का समाचार देते हैं। इसके कुछ ही समय बाद उन्हें प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण सहित मां जानकी के अयोध्या आ जाने की सूचना मिलती है। यह सुनकर सभी अयोध्यावासी प्रसन्न हो जाते हैं। वह पटाखे व दीप आदि जलाकर खुशियां मनाते हैं। इसके बाद गुरू वशिष्ठ ने श्रीराम का राज्याभिषेक किया। हास्य कलाकार वीरू परवाना ने खुशी के मौके पर अपनी हास्य कला का प्रदर्शन कर सभी दर्शकों को जमकर हंसाया। लीला मंचन के दौरान नृत्य कला का सुंदर प्रदर्शन पायल व साहिल ने किया। राम की सुंदर भूमिका विवेक मिश्रा, लक्ष्मण केके शुक्ला, सीता रामदूत तिवारी, हनुमान जी डॉ. रमेशचंद्र दुबे के अभिनय को दर्शकों ने सराहा। समित अध्यक्ष शशिकांत द्विवेदी, उपाध्यक्ष गिरीश गुप्ता, मंत्री पवन चतुर्वेदी, राजकुमार मिझौना, प्रयाग गुरू आदि ने रामलीला के संचालन में सहयोग किया।

