यूपी के इस जनपद से आया ये चौकाने वाला मामला,, शादी से बचने के लिए युवती ने रचा ड्रामा,,

Auraiya news today । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद से एक बहुत ही चौकाने वाला मामला मीडिया के प्रकाश में आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जिले में एक युवती ने शादी से बचने के लिए ऐसा फिल्मी ड्रामा रच दिया कि पूरा गांव दहशत में आ गया।

यह है मामला

औरैया जिले के फफूंद थाना क्षेत्र की रहने वाली 25 साल की रीना की शादी परिजन कहीं और तय कर चुके थे, लेकिन लड़की को यह रिश्ता मंजूर नहीं था। ऐसे में रीना ने घर से भागने से पहले ऐसा प्लान बनाया, जिसने सबको चौंका दिया। रिपोर्ट के अनुसार रीना ने अपने कमरे के बिस्तर पर करीब 5 फीट लंबे सांप की कांचली रख दी और चुपचाप घर से निकल गई। सुबह जब परिजनों की नजर केंचुल पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। गांव वालों ने तरह-तरह की बातें बनानी शुरू कर दीं। किसी ने कहा लड़की नागिन बन गई है तो कोई इसे चमत्कार बताने लगा। देखते ही देखते लड़की के घर पर भीड़ जुट गई। इधर, युवती के अचानक गायब होने की सूचना किसी ग्रामीण ने पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो पूरा मामला पलट गया।जांच में सामने आया कि रीना का पहले से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जबकि घरवाले उसकी शादी कहीं और कराना चाहते थे। इसी से बचने के लिए उसने नागिन वाला ड्रामा रच दिया और प्रेमी के साथ फरार हो गई।

थाना प्रभारी ने कही यह बात

फफूंद थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि यह पूरा मामला किसी रहस्यमयी घटना का नहीं, बल्कि एक सोचा-समझा फिल्मी ड्रामा है. युवती का मोबाइल सर्विलांस पर लेकर जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस युवती की तलाश कर रही है।