रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर के मोहल्ला जोशियाना स्थित घाटे वाले हनुमान मंदिर परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के दूसरे दिन का आयोजन भक्तिमय वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह कथा शक्ति माता सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जो मंदिर के जीर्णाेद्वार के उपलक्ष्य में चल रही है।
कथा वाचक दिलीप कुमार दीक्षित ने दूसरे दिन की कथा में सृष्टि की उत्पत्ति, ब्रह्मा-विष्णु संवाद, नारदजी के पूर्व जन्म की कथा और ध्रुव भक्ति चरित्र का मार्मिक वर्णन किया। बताया कि पांच वर्ष के बालक ध्रुव ने कठोर तप कर भगवान नारायण का साक्षात्कार प्राप्त किया। कहा कि दृढ़ निश्चय, आस्था और तप से भगवान को प्राप्त किया जा सकता है, जैसा कि ध्रुव ने किया। उन्होंने श्रोताओं को श्रद्धा और भक्ति की शक्ति का बोध कराया। कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने से व्यक्ति के पाप नष्ट होते हैं, जन्म-जन्मांतर के बंधनों से मुक्ति मिलती है और जीवन में शांति, संतोष व आध्यात्मिक उत्थान होता है। यह कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, अपितु आत्मशुद्धि और भगवान के निकट जाने का माध्यम है। इस मौके पर पारीक्षित पुष्पा, संतोष सैनी, निशा, मंगल सैनी, अनुराधा शर्मा, रवि चौधरी, भावना, सुनील, मनीष, अनीता, वंदना, सौरभ आदि मौजूद रहे।







