रिनोवेशन कार्य पूर्ण होने तक किराया एवं कॉमन एरिया मेंटेनेंस शुल्क माफ करने की व्यापारियों ने की मांग
(ब्यूरो रिपोर्ट )
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज में स्थित सहारागंज मॉल के द्वितीय तल के व्यापारियों ने अव्यवस्था से आक्रोशित होकर प्रदर्शन किया। व्यापारी नेता संजय गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारियों ने सहारागंज मॉल के बाहर प्रदर्शन किया। इस अवसर पर व्यापारियों ने आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता को मॉल की अव्यवस्था के बारे में जानकारी देते हुए मदद की गुहार की।
व्यापारी नेता श्री गुप्ता ने बताया कि सहारागंज के द्वितीय तल के व्यापारी गुरबीर सिंह नारंग ने अपनी पीड़ा बताते हुए जानकारी दी कि सहारागंज मॉल प्रशासन ने मॉल के द्वितीय तल के रिनोवेशन के लिए 3 दिन का समय व्यापारियों से मांगा था व्यापारियों ने सहयोग करते हुए 3 दिन के लिए अपनी दुकानें बंद कर दी किंतु निर्धारित अवधि में मॉल प्रशासन द्वारा रिनोवेशन कार्य पूरा नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि व्यापारियों की मांग है जब तक रिनोवेशन कार्य पूरा नहीं होता है तब तक व्यापारियों से किसी भी प्रकार का किराया और कॉमन एरिया मेंटिनेस ना लिया जाए किंतु मॉल प्रशासन व्यापारियों की बात नहीं सुन रहा है तथा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा इससे परेशान होकर व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। व्यापारी नेता संजय गुप्ता ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को विषय की जानकारी देते हुए हस्तक्षेप की मांग की। श्री गुप्ता ने बताया कि व्यापारियों के प्रदर्शन की सूचना पर सहारा गंज चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे तथा बुधवार को मॉल प्रशासन और व्यापारियों के बीच समस्या के समाधान के लिए बैठक होना तय हुई । श्री गुप्ता ने बताया कि व्यापारियों ने कहा बुधवार को समाधान नहीं निकलेगा तो मजबूरी में व्यापारियों को पुनः प्रदर्शन करना पड़ेगा।
अव्यवस्था से आक्रोशित व्यापारियों में मुख्य रूप से आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश कोषाध्यक्ष मोहम्मद अफजल, गुरबीर सिंह नारंग, अमित जैन ,हरजिंदर सिंह कोहली, सुमित अग्रवाल ,रोहित मखीजा ,साकिब, हिशाम खान सहित सहारागंज मॉल के द्वितीयतल के व्यापारी शामिल थे।





