(रिपोर्ट : बबलू सेंगर)

Jalaun news today । उत्तर प्रदेश के जालौन जनपद में 132 केबी सब स्टेशन उदोतपुरा में स्थित 40 एमबीए ट्रांसफॉर्मर में रविवार की रात करीब 10 बजे शार्ट सर्किट से लगी आग से ट्रांसफॉर्मर धू धूकर जल उठा। आग लगने से केबिल समेत ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुआ। नगर समेत आसपास की लगभग आधा दर्जन दमकल गाड़ियों ने लगभग छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर में सोमवार की शाम तक निकलता रहा धुआं। उरई व झांसी के इंजीनियर नुकसान का आंकलन करने में जुटे। ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से आधा दर्जन सब स्टेशन के अंतर्गत आने वाले लगभग 250 से अधिक गांवों में अंधेरा पसरा।
हमारे स्थानीय सहयोगी के अनुसार रविवार की रात करीब 10 बजे कोंच रोड पर उदोतपुरा गांव के पहले स्थित 132 केबी विद्युत सब स्टेशन उदोतपुरा स्थित 40 एमबीए के ट्रांसफार्मर में शार्ट सर्किट के चलते अचानक से आग लग गई। आग लगते ही सब स्टेटन से जुड़े फीडर जालौन, खकसीस, कुठौंद, उदोतपुरा हदरूख, बाबई, सरावन की सप्लाई बंद हो गई और उक्त फीडरों ने जुड़े 250 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। आग लगने की सूचना तत्काल फायर बिग्रेड को दी गई। मौके पर पहुंची दो दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग बुझ नहीं सकी। बताया जा रहा है कि बिजली ठप होने से दमकल गाड़ियों में पानी नहीं भरा नहीं जा सका।

उधर, सूचना मिलने पर एसडीएम सुरेश कुमार, सीओ रविंद्र गौतम, कोतवाल विमलेश कुमार, उरई सीओ गिरजा शंकर व कोतवाल जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंच गए। जिसके बाद उरई, कोंच, कालपी के अलावा झांसी यूनिट की दमकल गाड़ियों को भी बुलाना पड़ा। दमकलकर्मी कुंज बिहारी, ओमप्रकाश तिवारी, दर्शन सिंह, संजय कुमार आर्य, सौरभ सिंह राजावत, प्रदीप कुमार, रवि प्रकाश शर्मा आदि ने लगभग छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। 40 एमबीए के उक्त ट्रांसफार्मर के बगल में ही एक दूसरा 40 एमबीए का ट्रांसफार्मर रखा था।

एसडीओ कौशलेंद्र सिंह, जेई सुनीत सनौरिया व टीजीटू नरेंद्र सोलंकी के अथक प्रयास से दूसरे ट्रांसफार्मर को तो बचा लिया। लेकिन आग लगने से 40 एमबीए के एक ट्रांसफार्मर समेत केबिल आदि जलकर राख हो गई। बताया जा रहा है कि आग लगने से लगभग डेढ़ करोड़ का नुकसान हुआ। वहीं, बिजली न आने से लोगों के घरों में लगे इंवर्टर जबाव दे गए। लोग पानी के लिए भी परेशान रहे।
एसडीओ ने कही यह बात
एसडीओ कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि आगरा से ट्रांसफार्मर मंगवाया जा रहा है। नॉर्मल सप्लाई में लगभग एक हफ्ते का समय लगेगा। तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के लिए उरई से सप्लाई लेकर दो चार घंटे के लिए सप्लाई दी जाएगी। इसके लिए कार्य चल रहा है। देर रात तक अथवा मंगलवार तक सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।






