लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। अचानक हुई इस घटना से घर में कोहराम मच गया । सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज पूरे मामले की जांच करना शुरू कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार अलीगंज थाना क्षेत्र के त्रिवेणीनगर के रहने वाले जितेंद्र सिंह सहारा इंडिया में जॉब करते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इनका इकलौता बेटा अजय सिंह कोटक महिंद्रा बैंक में जॉब करता था। रिपोर्ट के अनुसार अजय सिंह ने अपने पिता की लाइसेंसी दोनाली बंदूक से खुद को गोली मार ली। अचानक घर मे चली गोली से वहां हड़कम्प मच गया। आनन फानन में परिवार के लोग उसे घायलावस्था में अस्पताल ले गए जहाँ उसकी मौत हो गई।
डीसीपी नॉर्थ ने दी विस्तार से जानकारी

अलीगंज थाना क्षेत्र में हुई घटना के संबंध में डीसीपी नॉर्थ रईस अख्तर ने जानकारी देते हुए बताया कि आज अलीगंज पुलिस को जितेंद्र सिंह ने सूचना दी कि उनका पुत्र अजय सिंह अजय सिंह उनकी डीबीबीएल बंदूक से गोली मार ली है । उन्हें उपचार हेतु ट्रामा सेंटर ले जाया गया जहां पर उनकी मृत्यु हो गई। डीसीपी नॉर्थ ने बताया कि मृतक के परिजनों ने बताया कि उनके पुत्र अजय को बैंक के ही कुछ कर्मचारी प्रताड़ित कर रहे थे इससे तंग आकर उनके बेटे ने आत्महत्या कर ली है । पुलिस का कहना है कि परिजनों से तहरीर प्राप्त होते ही सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।




