
Lucknow news today । यूपी की राजधानी लखनऊ में लोक जीवन फाउण्डेशन द्वारा हिंदी मीडिया सेंटर में आज दो दिवसीय “आरोग्य पाक-शाला” का उद्घाटन संपन्न हुआ। इस आयोजन का उद्घाटन पूर्व अपर महानिदेशक, पीआईबी (भारत सरकार) अरिमर्दन सिंह एवं वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्यों वैद्य पुनाराम पवार वैद्य अन्नीलाल चौधरी , वैद्य भगवानदास कुशवाहा , वैद्य सीतू राजा तथा वैद्य केशवदास यादव के कर-कमलों द्वारा किया गया।

इस अवसर पर सभी आमंत्रित वैद्याचार्य नाड़ी परीक्षण के विशेषज्ञ हैं, जिन्होंने अपने-अपने सत्रों के माध्यम से आयुर्वेदिक चिकित्सा, शुद्ध खानपान एवं जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यशाला में मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों से आए अनेक वैद्याचार्यों ने सहभागिता की और जनमानस को शुद्ध आहार, जड़ी-बूटियों की पहचान तथा उनके औषधीय उपयोग की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने नाड़ी परीक्षण कराया तथा आयुर्वेदिक औषधियों का सेवन कर स्वास्थ्य में राहत का अनुभव भी साझा किया। कार्यशाला परिसर में जैविक खाद्य पदार्थों, सहजन, मिलेट्स, दही एवं मल्टीग्रेन आटे की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे आगंतुकों द्वारा अत्यधिक सराहा गया। इस दौरान जैविक उत्पादों की बिक्री भी की गई।
आगंतुकों एवं अतिथियों के लिए मल्टीग्रेन पकौड़ी, हर्बल चाय एवं कोदो की तहरी जैसे स्वास्थ्यवर्धक व्यंजनों की व्यवस्था की गई, जिसका सभी ने आनंद लिया।
इस आरोग्य पाक-शाला का आयोजन लोक जीवन फाउण्डेशन के तत्वावधान में किया गया। संस्था के संस्थापक डॉ. राजेश वर्मा ने सभी वैद्याचार्यों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज को आयुर्वेद और पारंपरिक ज्ञान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में
सुमन गुप्ता (पूर्व सदस्य, भारतीय प्रेस परिषद),
के. के. चौधरी (वरिष्ठ अधिवक्ता, सुप्रीम कोर्ट),
डॉ. दया शंकर श्रीवास्तव (अध्यक्ष, कृषि विज्ञान केंद्र, कटिया – सीतापुर) उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन विजय शंकर, प्रिया वर्मा एवं राखी धीमान द्वारा किया गया।
दो दिवसीय यह आरोग्य पाक-शाला जनमानस को स्वस्थ जीवन, आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं जैविक खानपान के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हो रही है।






