रिपोर्ट बबलू सेंगर
Uttampukar E- paper 14 June 2025 – उत्तम पुकार न्यूज़
Jalaun news today । जालौन नगर में जलापूर्ति के लिए लगे मोहल्ला हरीपुरा के दो हैंडपंप लगभग तीन महीने से खराब हैं। वहीं एक हैंडपंप खारा पानी दे रहा है। लोगों की शिकायत के बाद भी हैंडपम्प को ठीक नहीं किया गया है।
नगर के वार्ड तीन की दलित बस्ती हरीपुरा में सीताराम साहू व देव प्रसाद कुशवाहा के मकान के पास हैंडपंप लगे हैं। दोनों हैंडपंप लगभग 3-3 माह से पानी नहीं दे रहे हैं। जबकि संतोष याज्ञिक के घर के बाहर लगा हैंडपंप पानी तो दे रहा है लेकिन खारा होने के कारण वह पीने लायक नहीं है। मोहल्ले में तीन-तीन हैंडपंप खराब होने के कारण व बिजली आपूर्ति प्रभावित होने आसपास के लोग पानी के लिए परेशान है। मोहल्लावासियों की जरूरत को देखते हुए पूर्व सभासद शिवराम जाटव जेनरेटर से समरसेविल चलाकर लोगों को पानी भरवाते है। मोहल्लावासी मूलचरन जाटव, संतोष सैनी, ललित साहू,मनोज जाटव, मोहन जाटव, लक्ष्मीकांत साहू, अरविन्द जाटव, अन्नू वर्मा आदि बताते हैं कि उन्होंने खराब हैंडपंप की जानकारी नगर पालिका में दी और जल संस्थान को भी दी है। लेकिन खराब हैंडपंपों की अभी तक मरम्मत नहीं कराई गई है। उधर संतोष याज्ञिक के घर के बाहर लगा हैंडपंप लगभग 20 वर्ष से खारा पानी दे रहा है लेकिन इसका कोई समाधान नहीं किया गया है। अधिशाषी अधिकारी सुशील कुमार दोहरे ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं है। कर्मचारी भेजकर ठीक करा दिया जाएगा।
