
UP BJP News Today। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने शनिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन को सीधे प्रसारण के माध्यम से मातृशक्ति के साथ सुना। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति एवं पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ नारी अधिकारों के समर्थन में उद्घोष किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की बागडोर संभालतें ही आधी आबादी को सभी क्षेत्रों में प्राथमिकता देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन करके महिलाओं को उनका अधिकार देने के लिए बिल लाया गया था। सपा और कांग्रेस सहित तमाम विपक्षी दलों ने नारी शक्ति के साथ विश्वासघात करने का काम किया है। देश की माताएं-बहनें विपक्ष को क्षमा नही करेंगी।
श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने आज अपना संकल्प दोहराया है कि नारी अधिकारों के लिए हम पीछे हटने वाले नही है और नारी शक्ति को उसके अधिकार दिलाने के लिए हम काम करते रहेंगे। सपा-कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने जिस तरह संसद में नारी शक्ति के अधिकारों का विरोध किया है, आने वाले समय में विपक्ष को मातृशक्ति जवाब देगी।
प्रदेश महामंत्री ( संगठन ) ने फेसबुक पेज पर कही यह बात
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने कहा कि आज लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पर देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम संबोधन को प्रदेश अध्यक्ष के साथ सुना।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने संबोधन में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर विपक्ष के रवैये पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह अधिनियम देश की आधी आबादी के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण से जुड़ा हुआ है, और इसे पारित न होने देना केवल महिलाओं के अधिकारों की उपेक्षा ही नहीं, बल्कि उनके सपनों और आकांक्षाओं के साथ भी अन्याय है।
आज देश की नारी शक्ति भी इस विषय पर आहत और चिंतित है। हम सभी का कर्तव्य है कि नारी सशक्तिकरण के इस ऐतिहासिक प्रयास को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ें और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपना योगदान दें।






