यूपी के नगर विकास मंत्री ने जनसुनवाई कार्यक्रम में सुनी शिकायतकर्ताओं की परेशानी,, जारी किए निर्देश

मंत्री ए के शर्मा ने नगरों को वैश्विक नगर बनाने के लिए पूरी सर्तकता के साथ कार्य करने के दिए निर्देश

लखनऊः उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने आज ‘सम्भव’ की व्यवस्था के तहत राज्यव्यापी जनसुनवाई की। इस जनसुनवाई में शिकायतकर्ता और अधिकारियों से परेशानियों के संबंध में सीधे वार्ता की और समस्याओं के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिये। इस जनसुनवाई में कानपुर, वाराणसी, मेरठ, गाजियाबाद, अयोध्या, औरैया के शिकायतकर्ताओं ने जलभराव, कूड़े के ढेर, हाउस टैक्स, गन्दा पानी की आपूर्ति, शौचालय एवं जलभराव से संबंधित शिकायत की थी, जिसका मंत्री श्री शर्मा ने गंभीरता से लेकर शीघ्र ही समाधान के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी निकाय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नागरिकों के स्थानीय स्तर पर ही सुनवाई कर गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए। इसके लिए सोमवार को अधिशासी अधिकारियों एवं मंगलवार को नगर आयुक्तों के स्तर पर की जाने वाली जनसुनवाई की व्यवस्था को और बेहतर बनायें।

Contact for advertisement : 9415795867

इन्होंने की शिकायत

नगर विकास मंत्री श्री शर्मा आज नगरीय निकाय निदेशालय में ‘सम्भव’ की व्यवस्था के तहत महीने के प्रथम बुधवार को नगरीय समस्याओं से संबंधित मंत्री स्तर की राज्य स्तरीय जनसुनवाई की। इसमें कानपुर की मनोरमा श्रीवास्तव ने घर के सामने के नाले की साफ-सफाई न होने की शिकायत की थी, जिस पर मंत्री श्री शर्मा ने नगर आयुक्त कानपुर से वर्चुअल वार्ता की और समस्या के बारे में पूछा।

नगर आयुक्त ने बताया कि मेन एसटीपी को जोड़ने वाला यह 6 किलोमीटर का लम्बा नाला है, इसके निर्माण के लिए 30 लाख का स्टीमेट बनाया गया है। इस पर विभागीय मंत्री ने शीघ्र ही इसका निराकरण करने के निर्देश दिये।
मेरठ के एस0एम0 कुरैशी ने शिकायत की थी कि उसके मोहल्ले में सालों से कूड़ा इकट्ठा हो रहा है और सफाई नहीं की जा रही है। इस पर नगर आयुक्त अमित ने बताया कि कई वार्डों का कूड़ा यहां पर आता है। यहां सूबह-शाम अब सफाई की जा रही है। मंत्री श्री शर्मा ने निर्देश दिया कि कूड़े को एमआरएफ सेंटर और कम्पोस्टिंग एरिया में भेजा जाए। वाराणसी की सारिका सहाय ने पिछले पांच महीने से घर में सीवेज मिला पानी की आपूर्ति होने की शिकायत पी0एम0 पोर्टल पर की थी, जिसका संज्ञान मंत्री ने लेकर नगर आयुक्त वाराणसी से इस संबंध में जानकारी ली और इस तरह की समस्या नगर में न हो, इसकी निरन्तर मॉनीटरिंग की जाए, इसके निर्देश दिए। उन्होंने आयोध्या के अखण्ड प्रताप यादव के कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित शौचालय की बदहाली की की गयी शिकायत का संज्ञान लिया। इस पर नगर आयुक्त ने बताया कि 25 वर्ष पुराना शौचालय है जो कि बहुत जर्जर हो गया है, जिसका जीर्णोद्धार कराया जा रहा है। औरैया की प्राची सिंह ने अपने मोहल्ले भीकमपुर में तीन साल से हो रहे जलभराव की शिकायत फेसबुक में की थी, जिसके संबंध में अधिशासी अधिकारी औरैया को निर्देश दिए गए कि शीघ्र ही जलभराव वाले स्थान और वहां के नाले की सफाई कर समस्या का समाधान कराया जाए।

जी 20 की बैठकों को लेकर जारी किए ये निर्देश

नगर विकास मंत्री श्री शर्मा ने जी-20 की होने वाली बैठकों के दृष्टिगत नगर आयुक्त आगरा, गाजियाबाद, वाराणसी एवं लखनऊ को निर्देश दिए कि इन नगरों के सभी सिविल वर्क को शीघ्र पूरा करें। बेहतर साफ-सफाई, सौन्दर्यीकरण एवं व्यवस्थापन के कार्य में कहीं कोई कमी न रहने पाये। ऐतिहासिक स्मारकों व पर्यटक स्थलों को जाने वाली सड़कों को दुरूरस्त किया जाए, चौराहों, फुटपाथों का सौन्दर्यीकरण किया जाए। सड़कों के किनारे खाली पड़ी जमीन से धूल न उड़े इसके लिए हरियाली की व्यवस्था करें। सभी कैन्टोनमेंट एरिया के क्षेत्रों की सड़कों एवं उसके किनारों को वहां के अधिकारियों से सम्पर्क कर व्यवस्थित कराएं। उन्होंने कहा कि नगरों को वैश्विक नगर बनाना है। इसके लिए पूरी सर्तकता के साथ कार्य कर बेहतर प्रदर्शन करना होगा।

सृजन योजना एप का किया शुभारंभ

नगर विकास मंत्री श्री शर्मा ने इस दौरान मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना की मॉनीटरिंग के तथा उत्तर प्रदेश जल निगम के प्रोजेक्ट की मॉनीटरिंग के लिए अलग-अलग ऐप का भी शुभारम्भ किया। इस दौरान प्रमुख सचिव नगर विकास अनिल कुमार, सचिव रंजन कुमार, निदेशक नेहा शर्मा, अपर निदेशक डॉ असलम अंसारी के साथ अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Comment