
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के इस गांव में रास्ता कच्चा होने से बारिश में बच्चों को स्कूल जाने में दिक्कत होती है। उधर गांव में हर घर नल से जल योजना के अंतर्गत गांव में पानी की टंकी भी बनाई जा चुकी है। लेकिन अब तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है। पीड़ित ग्रामीणों ने डीएम से गांव की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।
हमारे स्थानीय सहयोगी से मिली जानकारी के अनुसार जालौन ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सहाव निवासी प्रशांत कुमार, राकेश कुमार कुशवाहा, कौशल किशोर, शिव सिंह, अज्जू,अंकिल ,राज कुमार, धीरेंद्र कुमार, सचिन कुमार, धर्मेंद्र कुमार रामबाबू आदि ने बताया कि गांव में कमलेश चौरसिया के मकान से गुलाब कुशवाहा के मकान तक कच्चा रास्ता होने पर जलभराव बना रहता है।

बारिश के मौसम में पूरे रास्ते में कीचड़ होने पर छोटे छोटे बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं। महिलाओं और बुजुर्गों को भी जलभराव के चलते निकलने में दिक्कत होती है। उधर, गांव हर घर नल से जल योजना के अंतर्गत ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्घ कराने के लिए गांव में पानी की टंकी का निर्माण करा दिया गया है। गांव में पाइप लाइन बिछाकर कनेक्शन भी दे दिए गए हैं। लेकिन दो वर्षों से ग्रामीण नल से जल की आस लगाए बैठे हैं। अब तक पानी की एक बूंद भी नल नलों ने नहीं उगली है। जिससे गांव के लोग पेयजल के लिए परेशान हो रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत अधिकारी व बीडीओ समेत एसडीएम को कई बार शिकायती पत्र दे चुके हैं। लेकिन अब तक कोई कार्रवाई न होने से ग्रामीण मायूस हैं। ग्रामीणों ने डीएम राजेश पांडेय से मांग करते हुए कहा कि गांव में वार्ड नंबर 14 में कच्ची गली को शीघ्र पक्का कराकर उस पर खडंजा या सीसी रोड डलवाया जाए एवं घरों में पानी की सप्लाई भी शीघ्र शुरू कराई जाए। ताकि ग्रामीणों को परेशान न होना पड़े।





