जालौन क्षेत्र में ग्रामीण ने की खेल का मैदान बनाये जाने की मांग,डीपीआरओ के जबाव से बंधी आस

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में एक ग्रामीण द्वारा गांव में खेल का मैदान बनाए जाने की मांग पर जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा बताया गया कि खलिहान की भूमि का श्रेणी परिवर्तन कराकर खेल के मैदान के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे ग्रामीणों को खेल के मैदान बनाए जाने की आस बंधी है।
ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम कुठौंदा बुजुर्ग निवासी गजेंद्र सिंह सेंगर, जवान सिंह आदि पिछले कई वर्षों से गांव में खेल का मैदान बनाए जाने की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर वह लगातार विभिन्न पोर्टलों पर शिकायत और मांग कर रहे हैं। आईजीआरएस पोर्टल पर की गई शिकायत को लेकर जिला पंचायत राज विभाग द्वारा ग्रामीण को लिखित रूप से जानकारी दी गई है कि एडीओ पंचायत के माध्यम से अवगत कराया गया है कि गांव में सात फरवरी को ग्राम पंचायत की खुली बैठक का आयोजन कराया गया था। जिसमें खेल के मैदान को लेकर ग्रामीणों ने बताया कि गांव में खलिहान की भूमि खाली पड़ी है। जिसका वर्तमान में कोई उपयोग नहीं हो रहा है। खलिहान की भूमि का श्रेणी परिवर्तन कराकर उसे खेल के मैदान के रूप में उपयोग किया जा सकता है। इस बाबत राजस्व विभाग से पत्राचार किया जा रहा है। इसको लेकर ग्रामीणों में आस बंधी है कि यदि सबकुछ ठीक ठाक रहा तो शीघ्र ही युवाओं के लिए गांव में खेल का मैदान देखने को मिल सकता है।