
Jalaun news today । जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम इकहरा में करंट लगने से महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर विधिक कार्रवाई पूरी की।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम इकहरा निवासी बबली देवी (35) पत्नी मोहन सिंह कुशवाहा बुधवार की दोपहर जानवरों को भूसा खिलाने गई थी। जानवरों की लिड़ोरी के पास ही बिजली का पोल लगा था। बरसात के चलते उसमें करंट आ रहा था। पोल के संपर्क में आने के बाद महिला वहीं जमीन पर गिर गई और उसकी मौत हो गयी। दोपहर बाद जब पति घर पर खाना खाने आया तो पत्नी को जमीन पर गिरा देख वह हतप्रभ रह गया। आनन फानन में उसे पहले प्राइवेट चिकित्सालय में ले जाया गया लेकिन जब चिकित्सक ने मना कर दिया तो उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर आया जहां पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया और इसकी जानकारी पुलिस को दे दी। घटना की सूचना मिलने पर छिरिया मलकपुरा चौकी प्रभारी राजकुमार पांडेय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और विधिक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं महिला की मौत के बाद पुत्री साक्षी (14) व पल्लवी (10) एवं पुत्र आयुष (9) वर्ष के सिर से मां का हाथ छिन गया। मां की मौत के बाद बच्चों का रो रोकर बुरा हाल है।





