
Jalaun news today : जालौन नगर के डाकघर में खुले आधार केंद्र पर नए आधार कार्ड बनवाने एवं संसोधन कराने के नाम पर लोगों को परेशान करने एवं अवैध रूप से रुपयों की मांग करने का आरोप लगाते हुए महिलाओं ने एसडीएम से शिकायत की। एसडीएम के आदेश पर नायब तहसीलदार ने आधार संसोधन केंद्र पर पहुंचकर जांच की।
हमारे स्थानीय सहयोगी से मिली जानकारी के अनुसार लोगों की सुविधा के लिए जालौन नगर के उप मुख्य डाकघर में आधार केंद्र खोला गया है। जहां नए आधार कार्ड बनाने के साथ ही आधार कार्ड में संसोधन भी किया जाता है। गुरूवार की दोपहर कुछ महिलाएं प्रीति सेंगर ऊद, किरन जालौन, आरती, वंदना, अर्चना, पुष्पा आदि एसडीएम कार्यालय पहुंची जहां उन्होंने एसडीएम हेमंत पटेल को बताया कि नगर में उप मुख्य डाकघर में वह तीन दिन से चक्कर लगा रही हैं। लेकिन उनके बच्चों के आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। डाकघर में प्रतिदिन कभी मशीन खराब होने की बात कहकर तो कभी टाइम न होने का बहाना बनाकर उन्हें वहां से लौटा दिया जाता है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि गुरूवार को जब वह आधार केंद्र पहुंची तो उन्हें बताया गया कि मशीन खराब है कल 400 रुपये लेकर आना उनका आधार कार्ड बना दिया जाएगा महिलाओं ने एसडीएम से मामले की जांच कराकर कार्रवाई की मांग एसडीएम से की।
एसडीएम ने तत्काल जांच कराने के लिए नायब तहसीलदार को मौके पर भेजा
महिलाओं की शिकायत पर एसडीएम ने तत्काल नायब तहसीलदार गौरव कुमार को मौके पर भेजा। नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे तो कर्मचारियों ने बताया कि सीपीयू की खराबी से आधार कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत छोटे डाकघर से आधार कार्ड बनवा दिए जाएंगे।

वहीं रुपये लिए जाने के आरोप को कर्मचारियों ने गलत बताया। नायब तहसीलदार ने महिलाओं को समझाते हुए कहा कि वह अपने किसी कर्मचारी को कभी भी किसी भी आधार बनवाने के लिए भेजेंगे। यदि रुपये लिए जाने का आरोप सही पाया जाता है तो आधार केंद्र संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जांच में खराब मिली मशीन : नायब तहसीलदार
इस संदर्भ में नायब तहसीलदार गौरव कुमार ने बताया कि वह जांच के लिए गए थे। जांच में मशीन खराब पाई है। उसे शीघ्र दुरूस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा रुपये लिए जाने के आरोप की जांच कराई जाएगी। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।





