रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत नगर में महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर ग्राम धनौरा कलां में अभियान चलाया गया। इस दौरान महिलाओं व युवतियों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान एसआई राजेश वशिष्ठ ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने महिलाओं को हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता ली जा सकती है। उन्होंने महिलाओं को 1090, 112 सहित अन्य आपातकालीन सेवाओं के बारे में जानकारी दी और कहा कि किसी भी घटना को छिपाने के बजाय तुरंत सूचना देना आवश्यक है, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। साथ ही उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति भी सतर्क रहने की सलाह दी और अनजान कॉल, मैसेज या लिंक से बचने के लिए कहा। महिला कांस्टेबल कश्मीरा ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, छेड़छाड़ जैसे मामलों में कानूनी अधिकारों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि कानून महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करता है और किसी भी प्रकार के अन्याय के खिलाफ वे आवाज उठा सकती हैं। इस मौके पर विनीता, कुसुमलता, राधिका, अंजलि, प्रियंका आदि मौजूद रहीं।





